भूसा पहुंचाकर लौट रहा था घर, पहिया खुलने से पलट गई गाड़ी
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
गढ़वा : जिला के केतार पाचाडूमर मुख्य पथ पर राजघाट स्थित आयुष्मान आरोग्य केंद्र के समीप शुक्रवार को ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर 20 फीट खाई में पलट जाने से उसके नीचे दबकर ट्रैक्टर चालक अशोक बैठा 55 वर्षी की दर्दनाक मौत हो गई। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से उसे टेंपो से ईलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवनाथपुर लाया गया। जहां चिकित्सक शैलेंद्र कुमार ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक ट्रैक्टर चालक केतार थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव निवासी अशोक बैठा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार अशोक बैठा शुक्रवार के सुबह नावाडीह से ट्रैक्टर पर भूसा लोड कर पूर्व मुखिया विक्रमा सिंह के गौशाला में पहुंचा कर वापस घर आ रहा था कि तभी मुख्य पथ पर राजघाट के आयुष्मान आरोग्य मंदिर समीप तेज रफ्तार ट्रैक्टर का अगला पहिया खुलकर अलग हो गया। इससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब 20 फीट गहरे खाई में पलट गया। जिससे ट्रैक्टर के नीचे दबकर उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी व एएसआई आदित्य कुमार ठाकुर सदल बल घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जेसीबी से बाहर निकाल कर उसे जब्त कर थाना ले गयी। वहीं घटना की सूचना मिलते ही भवनाथपुर थाना के एसआई प्रदीप उरांव अस्पताल पहुंचकर परिजनो से जानकारी ली और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेजा।
