इससे पहले रथारूढ़ भगवान को बाजा गाजा व सैकड़ों श्रद्धालुओं के साथ कराया गया नगर भ्रमण
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
गढ़वा : जिलांतर्गत कांडी प्रखंड मुख्यालय के पड़ोस में स्थित नयनाबार गांव में बुधवार को समारोह पूर्वक भगवान भास्कर की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हो गई। इस मौके पर गूंजते वैदिक मंत्रोच्चार एवं घंटा घड़ियाल तथा शंख ध्वनि से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो रहा था। जबकि सैकड़ो की संख्या में एकत्र महिला एवं पुरुष श्रद्धालु सूर्य भगवान के जयकारा से आकाश गूंजा रहे थे। इससे पहले सजे धजे रथ पर भगवान को आसीन करके उनकी प्रतिमा को नगर भ्रमण कराया गया। इस दौरान प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ के यज्ञाचार्य पंडित सीताराम तिवारी, पंडित राजेंद्र पांडेय एवं पंडित मुखिया पांडेय लगातार पूजा अर्चना कर रहे थे। इस दौरान नयनाबार के भव्य नवनिर्मित मंदिर से प्रारंभ हुई रथ यात्रा पेट्रोल टंकी होते कांडी पोखरा स्थित टेंपल इन वॉटर – सूर्य मंदिर एवं शिव मंदिर से बहेरवा गांव के शिव मंदिर से भ्रमण करते हुए वापस नयनाबार मंदिर पहुंचे। जहां वैदिक मंत्रोच्चार के तुमुल जय घोष के साथ भगवान भास्कर की प्रतिमा की विधिवत अचल स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई गई। नगर भ्रमण के दौरान बाजा गाजा, धर्म ध्वजा एवं सूर्य भगवान के साथ विभिन्न देव शक्तियों का जयकारा लगाते 200 से अधिक की संख्या में महिला पुरुष श्रद्धालु साथ चल रहे थे। जबकि उस समय चिलचिलाती धूप में चलना बहुत कठिन तपस्या थी। इसके साथ ही 28 अप्रैल से प्रारंभ तीन दिनों का प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ संपन्न हो गया। इस मौके पर मुख्य यजमान कांडी पंचायत के पूर्व मुखिया विनोद प्रसाद सपत्नीक ने मंदिर निर्माण से लेकर प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ में भागीदारी निभाने वाले सभी श्रद्धालु सज्जनों माता बहनों का आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि इस यज्ञ को संपन्न कराने में इससे जुड़े हुए तमाम श्रद्धालु सज्जनों, नौजवानों व माता बहनों का उल्लेखनीय योगदान रहा है। जिसके हम चिरकाल तक आभारी रहेंगे। यदि कोई कठिनाई भी हुई हो तो अपना आयोजन जानकर उसे बिसार देने की अपील की है।

