भाई बनकर लोगों ने बहना की डोली को कंधा देकर किया विदा
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
जिसका कोई नहीं उसका तो खुदा होता है। यह बात आज गढ़वा जिला में उस वक्त सच होती दिखी जब पिता की अनाथ व बेहद गरीबी की मारी एक बिटिया के हाथ पीले करने के लिए समाज आगे आ गया। अनाथ बिटिया अनीता की मां बिफनी कुंअर ने कांडी पंचायत के मुखिया विजय राम से अपनी विपदा बयान करते हुए कहा कि बिटिया को कैसे विदा करूं? मुखिया ने सोशल मीडिया पर अनीता का बाबुल व भइया बनकर उसकी डोली उठाने का लोगों से आह्वान किया। बस क्या था। सोशल मीडिया ने एक बार फिर कमाल किया। कांडी के लोगों ने बिटिया का बाबुल बनकर तत्काल अपना फर्ज पूरा करना शुरू कर दिया। वह कैसे आइए आपको भी इस खास खबर के जरिए बताते हैं। जिला के प्रखण्ड व पंचायत कांडी अंतर्गत नयनाबार निवासी अयोध्या रजवार का काफी पहले ही निधन हो गया था। किसी प्रकार काफी मशक्कत से मजदूरी करके मां बिफनी कुंअर छह बच्चियों का पालन पोषण कर रही है। पर अब वक्त आ गया बिटिया अनीता के विवाह का। जिसमें बड़े बड़ों का छक्का छूट जाता है। कोई सहारा न देख उसने मुखिया के हवाले से समाज से गुहार लगाई। बस इस बेहद गरीब परिवार की बेटी की शादी में पंचायत के सैकड़ो लोगों ने बढ़ चढ़ कर आर्थिक सहयोग किया। पंचायत के मुखिया विजय राम के एक आह्वान पर लोगों ने बिना देरी किए सहयोग राशि जमा करना शुरू कर दिया। इस बिटिया की शादी आज 30 मई को ही हो रही है। जिस बिटिया की केवल माँ थी। पिता व भाई कोई नही था। आज उसके आंगन में सैकड़ों बाबुल व भइया शादी के उपहार के साथ खड़े थे। मुखिया की अपील पर समाचार लिखे जाने तक ऑनलाइन 33089 रुपए शादी के लिए सहायता राशि जमा हो चुकी थी। कुछ लोगों ने शादी के लिए उपहार स्वरूप सामान भी प्रदान किया। एक बेसहारा बिटिया की डोली विदा करने के लिए लोगों द्वारा किए गए इस कार्य की चारो तरफ सराहना व चर्चा हो रही है। बेटी अनीता की शादी में मुखिया विजय राम, उनकी पत्नी रिंकी देवी व दर्जनों लोगों ने उसके घर पहुंचकर नगद 20 हजार व गोदरेज अलमीरा, कूलर, टेबुल, कुर्सी, स्टील का बर्तन, लड़की की ट्रॉली बैग, लड़का व लड़की के लिए घड़ी दो पीस, लड़की की साड़ी 8 पीस, मिठाई 11 किलो प्रदान करते हुए बाबुल ने बिटिया की व भइया ने बहना की डोली विदा किया। मौके पर सबकी आंखें बरस रही थीं। इस मौके पर मुखिया विजय राम सपरिवार, बाबू लाल प्रसाद, तबरेज आलम, विनोद चंद्रवंशी, बुलेटन, अनिल पासवान, डॉक्टर अनिल प्रसाद, सुरेश्वर प्रसाद, उदय राम, संतोष प्रसाद, विनय पासवान सहित कई लोग उपस्थित थे।


