साथ ही पलामू, गढ़वा जिलों के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का समग्र विकास पर्यटन मंत्रालय एवं पुरातत्व विभाग, भारत सरकार द्वारा कराने की आवाज उठाई
![]()
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने लोकसभा में नियम 377 के तहत झारखंड राज्य सहित पलामू प्रमंडल के अंतर्गत तीनों जिलें पलामू, गढ़वा एवं लातेहार में स्थित ऐतिहासिक किलों का संरक्षण, जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के माध्यम से कराने एवं प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का समग्र विकास पर्यटन मंत्रालय एवं पुरातत्व विभाग, भारत सरकार द्वारा कराने से संबंधित अति महत्वपूर्ण मामले को उठाया।
श्री राम ने कहा कि झारखंड राज्य प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण है। जहाँ पहाड़, जंगल, नदियाँ, झीलें तथा अनेक ऐतिहासिक, धार्मिक एवं पर्यटन स्थल स्थित हैं। विदित हो कि झारखंड राज्य के पलामू प्रमंडल के अंतर्गत आने वाले तीन जिले क्रमशः पलामू, गढ़वा एवं लातेहार खनिज संपदाओं के साथ-साथ प्राकृतिक, ऐतिहासिक एवं धार्मिक धरोहरों से अत्यंत समृद्ध हैं। यह क्षेत्र विशेष रूप से चेरो आदिवासी राजा मेदिनी राय जी की ऐतिहासिक विरासत के लिए भी जाना जाता है। लातेहार जिले में स्थित पलामू किला, पुराना एवं नया पलामू किला, शाहपुर किला तथा पलामू टाइगर रिजर्व (बेतला) राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल हैं। इसके अतिरिक्त बेतला नेशनल पार्क, मलय डैम, कमलदह झील, केचकी इको-रिट्रीट जैसे प्राकृतिक पर्यटन स्थल भी इस क्षेत्र की पहचान हैं।
साथ ही गढ़वा जिले में स्थित श्री बंशीधर मंदिर, माँ गढ़ देवी मंदिर, केतार देवी मंदिर, बाबा खोनहरनाथ मंदिर, सतबहिनी झरना तीर्थ एवं पलामू जिले में स्थित राधा-कृष्ण मंदिर बभंडी, माँ मंगला गौरी मंदिर बंदुआ, कुसुमदहा मंदिर चैनपुर, शिव संपत धाम उंटारी रोड, देवी धाम हैदरनगर, चैगौना धाम खोढ़ी छतरपुर, देवगन मंदिर छतरपुर, सूर्य मंदिर दंगवार, सदर प्रखंड मेदिनीनगर के भैंसाखुर मंदिर जमुने, सूर्य मंदिर बड़कागांव एवं शिव मंदिर जोंड़ जैसे अनेक प्राचीन एवं श्रद्धा-स्थल स्थित हैं। उक्त स्थलों के विकास से न केवल क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे तथा शहरी एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
सांसद ने कहा कि आपके माध्यम से मंत्री पर्यटन मंत्रालय एवं पुरातत्व विभाग, भारत सरकार से अनुरोध है कि उपरोक्त ऐतिहासिक किलों का संरक्षण, जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के माध्यम से कराने एवं पलामू, गढ़वा जिलों के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का समग्र विकास पर्यटन मंत्रालय एवं पुरातत्व विभाग, भारत सरकार द्वारा कराने की कृपा की जाय।







