धीरज दुबे ने की आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज करने की मांग
![]()
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : नगर निकाय चुनाव की प्रक्रिया शुरू होते ही जिले में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच झामुमो मीडिया पैनलिस्ट धीरज दुबे ने स्थानीय विधायक श्री सत्येन्द्र नाथ तिवारी पर चुनावी लाभ लेने के उद्देश्य से भ्रामक अनुशंसा किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने निर्वाचन पदाधिकारी से आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का संज्ञान लेते हुए विधायक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
धीरज दुबे ने जारी बयान में कहा कि दिनांक 10-02-2026 को अधिवक्ता संघ की मांग पर विधायक द्वारा जिला अधिवक्ता संघ भवन में लिफ्ट स्थापना हेतु एक अनुशंसा-पत्र प्रस्तुत किया गया है। उनका कहना है कि वर्तमान में नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता प्रभावी है, ऐसे समय में इस प्रकार की अनुशंसा संदेहास्पद प्रतीत होती है। उन्होंने आशंका जताई कि यह कदम मतदाताओं को प्रभावित करने के उद्देश्य से उठाया गया हो सकता है।
दुबे ने कहा कि गढ़वा में लगभग 300 अधिवक्ता प्रैक्टिस करते हैं, जिनमें से करीब 200 अधिवक्ताओं एवं उनसे जुड़े कर्मियों—जैसे मुंशी, टाइपिस्ट, क्लर्क एवं सहयोगी—का निवास गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र में है। ऐसे में अधिवक्ता संघ भवन में लिफ्ट लगाने की घोषणा सीधे तौर पर एक बड़े मतदाता वर्ग को प्रभावित करने वाली मानी जा सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी समय में इस प्रकार की घोषणाएं लोकतांत्रिक प्रक्रिया की निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न खड़ा करती हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व में विधायक द्वारा की गई कई अनुशंसाएं धरातल पर लागू नहीं हो सकीं और केवल कागजों तक सीमित रह गईं। कई योजनाएं आज तक पूरी नहीं हुईं, जिससे जनता में निराशा है। ऐसे में अधिवक्ता संघ भवन में लिफ्ट लगाने संबंधी नई अनुशंसा भी उन्हें चुनावी दिखावा प्रतीत होती है। उन्होंने कहा कि जनता अब केवल आश्वासनों से संतुष्ट नहीं होगी, बल्कि वास्तविक विकास कार्यों का निष्पादन देखना चाहती है।
धीरज दुबे ने अधिवक्ता समुदाय और आम नागरिकों से अपील की कि वे चुनावी समय में की जाने वाली घोषणाओं और कागजी अनुशंसाओं के प्रति सतर्क रहें तथा ठोस कार्य और पारदर्शी प्रक्रिया की मांग करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता सर्वोपरि हैं और उन्हें प्रभावित करने के किसी भी प्रयास पर निगरानी आवश्यक है।
हालांकि दुबे ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि संबंधित अनुशंसा के तहत विधिवत निधि स्वीकृत होती है, प्रशासनिक स्वीकृति मिलती है और जिला अधिवक्ता संघ भवन में लिफ्ट निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कर पूर्ण किया जाता है, तो वे विधायक का औपचारिक स्वागत एवं अभिनंदन करेंगे और इसे अधिवक्ता समुदाय के हित में सकारात्मक कदम मानेंगे।
फिलहाल उन्होंने आरोप लगाया है कि यह कृत्य आदर्श आचार संहिता के नियम 2.13 का उल्लंघन है। उन्होंने निर्वाचन पदाधिकारी से मामले में संज्ञान लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की है।







