गैस कालाबाजारी के संदेह में एसडीएम ने की कार्रवाई, भवन सील, होगी कार्रवाई
सभी सिलेंडर इंडेन गैस के, एजेंसी को दिया गया जिम्मेनामा
![]()
सदास्मृत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : उपायुक्त अनन्य मित्तल को मिली गुप्त सूचना के आलोक में सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने सोनपुरवा भट्टी मोहल्ला स्थित एक गली में बने अर्धनिर्मित भवन में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान वहां 13 भरे हुए गैस सिलेंडर बरामद किए गए। साथ ही बड़ी मात्रा में गैस चूल्हों से संबंधित उपकरण भी पाए गए।
पूछताछ के दौरान संबंधित व्यक्ति जयकृष्ण संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। जानकारी के अनुसार आरोपी गैस मरम्मत की दुकान संचालित करता है। बरामद सभी सिलेंडर इंडेन गैस एजेंसी के पाए गए। उसने बताया कि वह इंडेन गैस के लिए डिलीवरी का काम करता था। किंतु जब मौके से ही इंडेन गैस एजेंसी के स्थानीय संचालक से दूरभाष पर संपर्क कर इस संबंध में जानकारी ली गई, लेकिन एजेंसी की ओर से भी उक्त व्यक्ति को सिलेंडर उपलब्ध कराए जाने की पुष्टि नहीं की जा सकी।
मामला संदिग्ध प्रतीत होने तथा गैस सिलेंडरों की संभावित कालाबाजारी की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन भवन को सील कर दिया। साथ ही संबंधित गैस एजेंसी को बरामद सिलेंडरों के सत्यापन, जिम्मेनामा एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
जिस अर्धनिर्मित भवन में सिलेंडर रखे गए थे, उसके भवन स्वामी के विरुद्ध भी अग्रेतर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मौके पर गढ़वा थाने के पुलिस उप निरीक्षक अविनाश कुमार सहित पुलिस बल के जवान मौजूद थे।








