पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया पर उपायुक्त का जोर, अभ्यर्थियों को दावा-आपत्ति का अवसर

पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया पर उपायुक्त का जोर, अभ्यर्थियों को दावा-आपत्ति का अवसर

प्रखण्ड तकनीकी प्रबंधक सहित तीन पदों पर नियुक्ति हेतु आवेदनों की जांच पूरी

आत्मा गढ़वा के रिक्त पदों पर भर्ती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम, समिति की बैठक संपन्न



सदास्मृत आशुतोष रंजन

प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा


गढ़वा : दिनांक 08 जून 2026 को कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा), गढ़वा के अधीन प्रखण्ड तकनीकी प्रबंधक, सहायक तकनीकी प्रबंधक एवं लेखापाल-सह-लिपिक पदों पर नियुक्ति के लिए गठित नियुक्ति समिति की बैठक आज उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में संपन्न हुई।

बैठक में उप विकास आयुक्त प्रेमलता मुर्मू, स्थापना उप समाहर्ता, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी तथा परियोजना निदेशक आत्मा-सह-जिला कृषि पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान परियोजना निदेशक आत्मा-सह-जिला कृषि पदाधिकारी खुशबू पासवान ने नियुक्ति प्रक्रिया की प्रगति से अवगत कराते हुए बताया कि तीनों पदों के लिए कुल 408 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें प्रखण्ड तकनीकी प्रबंधक पद हेतु 76, सहायक तकनीकी प्रबंधक पद हेतु 291 तथा लेखापाल-सह-लिपिक पद हेतु 41 आवेदन शामिल हैं। प्राप्त आवेदनों की प्रारंभिक जांच के उपरांत 13 आवेदनों को नियमानुसार निरस्त किया गया है।

उपायुक्त श्री मिश्रा ने नियुक्ति प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संचालित करने पर बल देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को अपने आवेदन से संबंधित किसी भी प्रकार की दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान किया जाए। इसके लिए 17 जून 2026 तक दावा-आपत्ति आमंत्रित करने तथा प्राप्त आपत्तियों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश परियोजना निदेशक आत्मा-सह-जिला कृषि पदाधिकारी को दिया गया।

उपायुक्त ने कहा कि नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी चरणों का निष्पादन निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों के अनुरूप किया जाएगा।

Tags

About Author

Follow Us On Social Media