गढ़वा अंचल, नगर परिषद, जल संसाधन तथा पीएचईडी के अधिकारियों के साथ हुआ मंथन
![]()
सदास्मृत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : उपायुक्त अनन्य मित्तल के निर्देश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने शनिवार को सरस्वतिया नदी, तिलैया नदी समेत अन्य जल स्रोतों के पुनरुद्धार को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में गढ़वा अंचल, जल संसाधन विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा नगर परिषद के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य गढ़वा की विलुप्तप्राय नदियों सरस्वतिया एवं तिलैया नदी के संरक्षण, पुनर्जीवन तथा अतिक्रमण मुक्ति को लेकर समन्वित कार्ययोजना तैयार करना था। एसडीएम ने इस दिशा में पूर्व में किए गए प्रयासों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से फीडबैक लिया तथा नदी संरक्षण की दिशा में त्वरित कदम उठाने पर विस्तृत चर्चा की।
अतिक्रमण हटाने और सफाई अभियान पर बनी रणनीति: बैठक में सरस्वतिया नदी में वर्षों से जमा कचरा, गाद एवं अवरोधों को हटाने के साथ-साथ दोनों किनारों पर हुए स्थायी एवं अस्थायी अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई की रणनीति बनाई गई। नगर परिषद को निर्देश दिया गया कि नदी क्षेत्र में जानबूझकर मिट्टी, पत्थर एवं भवन निर्माण सामग्री डालकर भविष्य में कब्जे की मंशा रखने वाले लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई करें तथा इसकी सूचना अनुमंडल कार्यालय को उपलब्ध कराएं। जल संसाधन विभाग को निर्देशित किया गया कि चूंकि यह नदी उनकी ही विभागीय संपत्ति है। इसलिए उसके संरक्षण एवं विकास के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही नदी के गहरीकरण तथा गाद हटाने के लिए आवश्यक कदम शीघ्र उठाने को कहा गया। अंचल अधिकारी गढ़वा को पूर्व में अतिक्रमण को लेकर नोटिस प्राप्त कर चुके लोगों को अंतिम नोटिस जारी करने तथा अतिक्रमणकारियों की सूची अनुमंडल कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। वहीं नगर परिषद को कचरा प्रभावित क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाने को भी कहा गया।
सामाजिक सहभागिता पर भी रहेगा जोर: एसडीएम ने कहा कि सरस्वतिया नदी पुनरुद्धार अभियान में सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस कार्य में निजी क्षेत्र की एजेंसियों से भी सहयोग लिया जाएगा। बैठक के दौरान हुए विमर्श में यह तथ्य सामने आया कि सरस्वतिया नदी मेराल प्रखंड के गोंदा स्थित किशुन आहर से निकलकर लगभग 14 किलोमीटर की यात्रा तय करते हुए सोनपुरवा क्षेत्र में जाकर मिलती है। एसडीएम ने कहा कि आज सरस्वतीया नदी के अतिक्रमण हटाने एवं व्यापक सफाई अभियान को लेकर जो कार्ययोजना तैयार की गयी है, उसे शीघ्र ही मूर्त रूप दिया जाएगा। इस बैठक के बाद उन्होंने सरस्वतीया नदी की सफाई की मांग कर रहे गढ़वा के युवाओं के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक की। तदुपरांत शहरी क्षेत्र स्थित सरस्वतिया नदी का स्थल निरीक्षण भी किया गया ।







