![]()
सदास्मृत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार के साप्ताहिक संवाद कार्यक्रम “कॉफी विद एसडीएम” के तहत इस सप्ताह गढ़वा शहर एवं मेराल क्षेत्र में कार्यरत सामाजिक संगठनों एवं गैर-सरकारी संस्थाओं (एनजीओ) को आमंत्रित किया गया है। यह कार्यक्रम आगामी बुधवार, 10 जून को पूर्वाह्न 11:00 बजे अनुमंडल कार्यालय सभागार में आयोजित किया जाएगा।
इस विशेष संवाद कार्यक्रम में गढ़वा शहर के ऐसे पंजीकृत एवं गैर-पंजीकृत गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) आमंत्रित हैं, जो पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नदी संरक्षण, वृक्षारोपण, सामुदायिक विकास, नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा तथा अन्य जनहितकारी गतिविधियों में रुचि रखते हैं अथवा सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
एसडीएम ने कहा कि सामाजिक एवं सामुदायिक कार्यों में लगे संगठनों के पास जमीनी अनुभव एवं नवाचारपूर्ण सुझाव होते हैं, जिनका उपयोग जनहित के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने में किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को अपने विचार, सुझाव एवं अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने सभी इच्छुक सामाजिक संगठनों एवं एनजीओ प्रतिनिधियों से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।







