मंत्री ने किया 59.5 करोड़ की लागत से बनने वाली सड़क का शिलान्यास


आशुतोष रंजन
गढ़वा

गढ़वा विधायक सह झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने करीब साढ़े 59 करोड़ की लागत से बनने वाली हुर मोड़ से डाल्टनगंज सिवाना तक पथ का भूमि पूजन व शिलान्यास किया। सोमवार को मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने गढ़वा-शाहपुर मार्ग पर हुर मोड़ पर पूजा अर्चना कर नारियल फोड़कर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर शिलान्यास किया। जबकि गोवावल उच्च विद्यालय डुमरिया परिसर में आयोजित कार्यक्रम का उदघाटन मंत्री ने दीप जलाकर किया। 19 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण गढ़वा-शाहपुर मार्ग पर हुर मोड़ से डुमरिया एवं डंडा होते हुए डाल्टनगंज तक इस पथ का चौड़ीकरण व मजबूतीकरण के साथ पुनर्निर्माण कार्य किया जाएगा।

गोवावल उच्च विद्यालय डुमरिया के मैदान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि यह सड़क गोवावल क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। काफी लंबे समय से गोवावल एवं डंडा के लोग इस सड़क के निर्माण की मांग कर रहे थे। जो अब पूरा हो गया है। मंत्री ने कहा कि वे उदघाटन और शिलान्यास में विश्वास नहीं करते बल्कि कार्य पूर्ण होने में विश्वास करते हैं। जितनी योजनाएं उनके द्वारा गढ़वा में लाई गई हैं यदि सभी का शिलान्यास और उदघाटन करने लगें तो पूरा दो साल लग जाएगा। इस सड़क का निर्माण कार्य काफी तेज गति से चल रहा है। उन्होंने कहा कि आज गढ़वा में चारो तरफ विकास ही विकास दिखाई दे रहा है। वे जो वादा किये थे उसे पूरा कर रहे हैं। मंत्री ने कहा कि राजनीति मेरा व्यवसाय एवं पेशा नहीं है बल्कि राजनीति मेरी सेवा है। यदि सेवा नहीं होता तो दो बार चुनाव हारा हुआ व्यक्ति तीसरी बार चुनाव नहीं लड़ता। उन्होंने कहा कि आज क्षेत्र में चारो ओर काफी तेजी से विकास हो रहा है। जिससे विरोधियों के कलेजे पर सांप लोट रहा है। वे लोग लगातार विकास कार्यों को बाधित कर रोकने का प्रयास कर रहे हैं। परंतु विरोधियों को बताना चाहुंगा कि वे जितना भी कार्य रोकेंगे, विकास कार्य और तेजी से आगे बढ़ेगा। मंत्री ने कहा कि वे आलोचना और आरोप से नहीं डरते हैं। वे जनता के सेवक हैं और जनता के बीच रहते हैं। सिर्फ जनता से ही डरते हैं। चाहे कोई कितना भी साजिश कर ले उन्हें सुई के नोक भर भी फर्क नहीं पड़ता है। मंत्री ने कहा कि वे किसी की शिकायत नहीं करते फिर भी सही बात कहनी पड़ती है। पूर्व के जनप्रतिनिधि कहते थे कि जनता का काम करने की जरूरत नहीं है। चुनाव के समय सब देख लेंगे। साथ ही यहां तक भी कहते थे कि भगवान भी सामने आ जाएं तो उनको भी ठग लेंगे। मंत्री ने कहा कि गढ़वा की जनता ने अग्निपरीक्षा लेकर मुझे सेवा का मौका दिया है। जिन्होंने वोट दिया है और जिन्होंने नहीं दिया है,सभी के लिए वे समान भाव से काम करते हैं।

जिला परिषद सदस्य अमृतांजली देवी ने कहा कि गढ़वा में मंत्री मिथिलेश ठाकुर के नेतृत्व में ऐतिहासिक विकास हो रहा है। आज गढ़वा की राजनीति की स्थिति बदल गई है। एक तरफ विकास की राजनीति तो दूसरी तरफ बकवास की राजनीति हो रही है। मौके पर जिप अध्यक्ष शांति देवी,उपाध्यक्ष सत्यनारायण यादव,पूर्व जिप उपाध्यक्ष रेखा चौबे,ताहिर अंसारी,विनोद चंद्रवंशी,डा. रमेश चंचल,पारस तिवारी,दुर्यार्धन तिवारी, कपिलदेव तिवारी आदि ने भी विचार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन झामुमो केंद्रीय प्रवक्ता धीरज दुबे ने किया।

ये भी रहे मौजूद: – मौके पर मुख्य रूप से डीडीसी राजेश कुमार राय,झामुमो जिलाध्यक्ष तनवीर आलम,सचिव मनोज ठाकुर,सरकारी अधिवक्ता परेश तिवारी,विधायक प्रतिनिधि कंचन साहू,आशुतोष पांडेय,नवीन तिवारी,अरूण दुबे,मुखिया बसंत चौबे,नारद तिवारी,बुद्धिनारायण तिवारी,धीरेंद्र चौबे,अजय उपाध्याय,फुजैल अहमद,अनु दुबे,चुनमुन दुबे सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।