नहीं मिलेगा मत धर्म के नाम पर,अब जनता वोट देगी काम के नाम पर


आशुतोष रंजन
गढ़वा

कर्नाटक में कांग्रेस की जीत से धर्म के नाम पर राजनीतिक अंत की शुरुआत हुई है। कर्नाटक का चुनाव परिणाम जनता को धर्म के नाम पर बेवकूफ बनाने वालों के लिए बहुत बड़ी सीख है। जीत का यह सिलसिला शुरू हो चुका है। अब यह रुकने वाला नहीं है। उक्त बातें गढ़वा विधायक सह झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हुई जीत पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही।

अब जनता वोट देगी काम के नाम पर: – मंत्री श्री ठाकुर ने कर्नाटक में कांग्रेस की जीत पर सोनिया गांधी,राहुल गांधी सहित समस्त कांग्रेसियों को बधाई देते हुए एक पंक्ति के साथ अब मत नहीं मिलेगा धर्म के नाम पर,अब जनता वोट देगी काम के नाम पर प्रतिक्रिया की शुरुआत करते हुए कहा कि कर्नाटक की जनता ने यह दिखला दिया है कि देश को जाति,धर्म एवं संप्रदाय के नाम पर बांटने वालों का कोई स्थान नहीं है। ऐसे लोगों को अब सत्ता से बाहर ही बैठना होगा। मंत्री ने कहा कि अब कर्नाटक से जाति, धर्म एवं संप्रदाय के नाम पर किए जाने वाले राजनीतिक अंत की शुरुआत हो गई है। लोग अपना चुनावी नैया पार कराने के लिए भगवान श्री राम एवं बजरंगबली के नाम पर राजनीति का खेल खेलते हैं। ऐसे लोगों को ना तो जनता माफ करेगी और ना ही भगवान माफ करेंगे। देश में फुट डालो और शासन करो कि राजनीति करने वालों को सबक मिलना शुरू हो गया है। अब पूरे देश की जनता जाग चुकी है। यह सिलसिला अब 2024 तक अनवरत जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि 2024 में पूरे देश से जनता सामंती ताकतों को उखाड़ फेंकेगी एवं कांग्रेस के नेतृत्व में धर्मनिरपेक्ष सरकार स्थापित होगी। उस सरकार में सभी जाति, धर्म एवं संप्रदाय को सम्पूर्ण मान – सम्मान एवं हक,अधिकार प्राप्त होगा। कहा कि भाजपा लोगों की भावना एवं आस्था के साथ खिलवाड़ करते हुए धर्म एवं जात-पात के नाम पर राजनीति करती है। अब यह चलने वाला नहीं है। इस प्रकार के कुत्सित राजनीति का 2024 में अंत हो जाएगा। मंत्री ने कांग्रेस सहित कर्नाटक की जनता को भी इस जीत की बधाई दी।