एक साथ एक हजार लोगों ने किया पौधरोपण,दो हजार पौधों का किया गया वितरण


आशुतोष रंजन
गढ़वा

गढ़वा विधायक सह झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने पर्यावरण संरक्षण के महा अभियान की शुरुआत की। शनिवार को लायंस क्लब ऑफ गढ़वा ऑसम के तत्वावधान में गढ़वा के सुखबाना स्थित लहसुनिया पहाड़ की तलहटी में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम का उद्घाटन मंत्री,डीसी शेखर जमुआर,एसपी अंजनी कुमार झा,CRPF कमांडेंट नृपेंद्र कुमार सिंह,DFO दिलीप यादव, डीडीसी राजेश कुमार राय,लायंस क्लब के पूर्व जिला पाल राजीवा सिंह आदि ने दीप प्रज्वलित कर किया। उधर पर्यावरण संरक्षण महा अभियान की शुरुआत मंत्री ने पौधारोपण कर किया। इस दौरान लहसुनियां पहाड़ की तलहटी में मंत्री के साथ एक साथ एक हजार लोगों ने एक साथ पौधारोपण किया। साथ ही मंत्री ने स्कूली बच्चों के बीच दो हजार पौधों का वितरण भी किया। साथ ही सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का शपथ भी लिया।

बेहद ज़रूरी है पर्यावरण की सुरक्षा: – मौके पर मंत्री ने कहा कि आज पर्यावरण की सुरक्षा बेहद ज़रूरी है। यदि समय रहते लोग सचेत नहीं हुए,पर्यावरण की रक्षा नहीं की गई तो आने वाली पीढ़ी का भविष्य भयावह होगा। जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती है। लोगों को पीठ पर ऑक्सीजन सिलिंडर लेकर चलना पड़ेगा। आज पेयजल एवं प्रदूषण की जो समस्या उत्पन्न हो गई है,इससे सबक लेने की जरूरत है। कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सरकार एवं विभाग की ओर से कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। परंतु सिर्फ इतना ही काफी नहीं है। इसके लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। आज से 20-25 वर्ष पूर्व गढ़वा में बहुत बारिश होती थी,पर आज सावन के महीने में भी बारिश का इंतजार करना पड़ रहा है। पर्यावरण के दोहन से ही पेयजल की भी विकट समस्या उत्पन्न हो गई है। उन्होंने कहा कि लायंस क्लब ऑफ गढ़वा ऑसम इस नेक कार्य के लिए धन्यवाद का पात्र है। यह कार्यक्रम महोत्सव नहीं बल्कि महा महोत्सव है। अन्य सभी क्लबों को इस प्रकार का आयोजन करना चाहिए। कहा कि यह कार्यक्रम झारखंड ही नहीं पूरे देश के लिए प्रेरणादायक होगा। सभी लोग पौधा लगाने एवं जल संरक्षण का कार्य अपना कर्तव्य समझकर करें,ताकि हम आने वाली पीढ़ी को बेहतर भविष्य दे सकें। उन्होंने कहा कि आज के इस महा अभियान का दूरगामी परिणाम होगा। मंत्री ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पर्यावरण संरक्षण के लिए बड़ा कदम उठाते हुए महा अभियान चलाने का आग्रह किया है। मंत्री के अलावे डीसी शेखर जमुआर,डीडीसी राजेश राय, एसपी अंजनी कुमार झा,राजीवा सिंह,कमांडेंट नृपेंद्र सिंह,प्रोजेक्ट चेयरमैन ला. राकेश पाल,लायंस क्लब ऑफ गढ़वा ऑसम के अध्यक्ष कंचन साहू आदि ने विचार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन शंभू त्रिपाठी ने किया।

इनकी भी रही मौजूदगी: – कार्यक्रम में मुख्य रूप से एसडीपीओ अवध कुमार यादव, सीओ कुमार मयंक भूषण, बीडीओ कुमुद झा,जिला जनसंपर्क पदाधिकारी साकेत पांडेय,डीएफओ शशि कुमार,डॉ यासीन अंसारी,डॉ एमपी गुप्ता, राजीव चौबे,अनिल सोनी,राजेश गुप्ता,सरोज सिंह,झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता धीरज दुबे, जिलाध्यक्ष तनवीर आलम, शमशाद खान,अविनाश कुमार उर्फ टुनटुन,नवीन तिवारी,मासूम खान,महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रेखा चौबे,अनिता दत्त,आराधना सिंह,चंदा देवी,ज्ञान निकेतन पब्लिक स्कूल के निदेशक मदन प्रसाद केशरी,दीपक तिवारी,पूरन तिवारी,सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।