उपायुक्त ने जनता दरबार के माध्यम से सुनी आमजनों की समस्याएं

उपायुक्त ने जनता दरबार के माध्यम से सुनी आमजनों की समस्याएं

प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु संबंधित पदाधिकारी को किया गया निर्देशित


दिवंगत आशुतोष रंजन

प्रियरंजन सिन्हा

उपायुक्त गढ़वा, शेखर जमुआर ने आज समाहरणालय स्थित सभागार में जनता दरबार का आयोजन किया। जनता दरबार में आए फरियादियों की समस्याएं बारी-बारी से सुनी गईं एवं उसके निष्पादन हेतु उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया। आज के जनता दरबार में राशन, पेंशन, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, आवास, मुआवजा, योजनाओं का लाभ, अतिक्रमण, रोजगार सृजन, बकाया मजदूरी भुगतान, अनुकम्पा आधारित नौकरी समेत अन्य समस्याओं को लेकर उपस्थित हुए ग्रामीणों की बारी-बारी से उपायुक्त द्वारा समस्या सुनी गई एवं यथाशीघ्र उनके समस्याओं के निराकरण करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया।

सर्वप्रथम सदर प्रखंड के डी.ए.वी. मध्य विद्यालय गढ़वा में प्रभारी प्रधानाध्यापिका द्वारा अव्यवस्था उत्पन्न किये जाने की शिकायत की गई है। विद्यालय प्रबंधन समिति के विभिन्न सदस्यों यथा- अध्यक्ष, संयोजिका एवं अन्य सदस्यों द्वारा सामूहिक रूप से आवेदन समर्पित करते हुए बताया गया कि प्रभारी प्रधानाध्यापिका द्वारा विद्यालय में मनमाने ढंग से कार्य किया जाता है। जिसके चलते विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में प्रोजेक्ट इंपैक्ट के किसी भी नियम का अनुपालन नहीं किया जा रहा है तथा विद्यालय में विकास कार्यों के लिए प्राप्त विभिन्न मदों की राशि की अवैध निकासी की जा रही है। इसके अतिरिक्त उन्होंने बताया कि विद्यालय के पठन-पाठन कार्य एवं शिक्षण व्यवस्था भी चरमरा गई है। अतः विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों द्वारा उक्त मामले की जांच कराते हुए उचित कार्रवाई करने की मांग की गई है। कांडी प्रखंड के बलियारी निवासी अर्चना देवी ने जन वितरण प्रणाली दुकानदार नरेश राम द्वारा राशन नहीं देने की शिकायत की है। उन्होंने आवेदन समर्पित करते हुए बताया कि कई महीनो से उनके डीलर नरेश राम द्वारा उन्हें राशन नहीं दिया जा रहा है तथा राशन की मांग किए जाने पर अभद्र व्यवहार किया जाता है। उन्होंने बताया कि इसकी शिकायत अंचल/प्रखंड स्तर के पदाधिकारी से की गई है। परंतु कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने अपने बकाया राशन दिलाने हेतु अनुरोध किया है। बिशुनपुरा प्रखंड के विकास कुमार चंद्रवंशी द्वारा आवेदन समर्पित करते हुए विवादित भूमि पर बाजबर्दस्ती मकान बनाने के संबंध में शिकायत की गई है। उन्होंने बताया कि उक्त विवादित भूमि पर न्यायालय अनुमंडल दंडाधिकारी श्री बंशीधर नगर के कोर्ट में विविधवाद संख्या 122/2025 केस चल रहा है। इसके बावजूद भी विपक्षी गण द्वारा अवैध रूप से उक्त विवादित भूमि पर रातों-रात मकान/दीवार बनाकर निर्माण कार्य किया जा रहा है। अतः उन्होंने अवैध रूप से मकान निर्माण कार्य को रोकने की गुहार लगाई है। मेराल प्रखंड के गोंदा निवासी नकुल महतो ने आवेदन समर्पित करते हुए राशन कार्ड में अपने पत्नी के स्थान पर स्वयं का नाम दर्ज करने का अनुरोध किया है। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी गायत्री देवी की मृत्यु हो चुकी है। परंतु परिवार के अन्य सदस्यों का नाम इस राशन कार्ड में दर्ज है। अतः उन्होंने अनुरोध किया है कि उनके मृत पत्नी के स्थान पर उनका नाम राशन कार्ड में मुखिया के रूप में दर्ज हो, ताकि राशन कार्ड के माध्यम से उन्हें खाद्यान्न उपलब्ध हो सके। आज के जनता दरबार में आमजनों के विभिन्न समस्याओं से संबंधित कुल 19 मामले प्राप्त हुए। आमजनों से प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु उपायुक्त जमुआर द्वारा संबंधित पदाधिकारीयों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया।

Tags

About Author

Ashutosh Ranjan

Follow Us On Social Media