रखिया ढेरी गांव के दुर्गम इलाकों में कार्रवाई, जलती भट्ठी मिलीं, मौके पर की गई ध्वस्त
20 ड्रम अर्धनिर्मित महुआ जावा विनष्ट, निर्मित शराब बहायी
![]()
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : आज रविवार को सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने मेराल प्रखंड के रखिया ढेरी गांव के दुर्गम एवं जंगलनुमा क्षेत्रों में अवैध महुआ शराब निर्माण के विरुद्ध सघन छापेमारी अभियान चलाया।
छापेमारी के दौरान मौके पर जलती हुई भट्ठी, बड़ी मात्रा में अर्धनिर्मित महुआ शराब तथा लगभग 18 लीटर निर्मित महुआ शराब बरामद की गई। अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त सभी उपकरणों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, वहीं बरामद निर्मित शराब को बहाकर विनष्ट किया गया। कार्रवाई के दौरान अरहर के खेतों में 20 से अधिक ड्रमों में महुआ जावा छुपाकर रखा हुआ पाया गया। ये सभी ड्रम कई स्थानों पर अलग अलग खेतों में दूर-दूर छिपाए गए थे, जिन्हें खोजने में टीम को एक घंटे से अधिक समय लगा। इन सभी ड्रमों सहित महुआ जावा को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
स्थानीय लोगों से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह अवैध कारोबार संतू विश्वकर्मा नामक व्यक्ति का बताया गया है। इस संबंध में उत्पाद अधीक्षक तथा संबंधित थाना को निर्देशित किया गया है कि उक्त व्यक्ति के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा क्षेत्र में इस प्रकार के बड़े पैमाने पर संचालित अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जाए।
एसडीएम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब निर्माण विधि-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है। कई बार अज्ञात एवं अवैज्ञानिक तरीके से बनाई गई शराब में एथनॉल के स्थान पर मेथनॉल बनने की आशंका रहती है, जिससे अंधापन, गंभीर बीमारी यहां तक। कि मृत्यु तक का खतरा उत्पन्न हो सकता है। ऐसे अवैध कृत्यों के विरुद्ध उनका अभियान निरंतर जारी रहेगा।
इस अभियान में रविंद्र पासवान, कंचन प्रसाद, अनिल कुमार, प्रिंस कुमार एवं जैनुल अंसारी की सक्रिय भूमिका रही।








