प्रसूता की मौत मामले में एसडीएम ने सदर व मिलाप अस्पताल में की औचक जांच

प्रसूता की मौत मामले में एसडीएम ने सदर व मिलाप अस्पताल में की औचक जांच

मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध मिला, गहराई से होगी जांच : एसडीएम


दिवंगत आशुतोष रंजन

 

प्रियरंजन सिन्हा 

बिंदास न्यूज, गढ़वा

 

गढ़वा : इसी हफ्ते एक प्रसूता की हुई मौत के मामले की जांच के क्रम में सदर एसडीएम संजय कुमार ने गुरुवार को सदर अस्पताल एवं मिलाप अस्पताल की औचक जांच की। प्रारंभिक जांच में दस्तावेजों से छेड़छाड़, तथ्य छुपाने, जानकारी देने में गुमराह करने से पूरा मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ।

उपायुक्त दिनेश कुमार के निर्देश पर की गई इस प्राथमिक जांच के संबंध में एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकीय एवं तकनीकी कर्मियों का एक विशेष दल गठित किया जा रहा है। इसके अलावा मामले से संबंधित सभी पक्षकारों के बयान दर्ज कर निष्कर्ष पूर्ण जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

जांच के दौरान सदर अस्पताल में अस्पताल प्रबंधक विकास केसरी, चिकित्सक डॉ. पूजा कुमारी, डॉ. नौशाद आलम तथा अस्पताल के दो आरोपी कर्मी उपस्थित थे। वहीं मिलाप अस्पताल में दस्तावेजी जांच के दौरान अस्पताल के मालिक यूसुफ अंसारी, चिकित्सक डॉ असजद अंसारी एवं लैब टेक्नीशियन मुनीफ अंसारी सहित अन्य कर्मी मौजूद थे।

एसडीएम ने बताया कि गढ़वा सदर अस्पताल एवं यहां के निजी अस्पतालों के बीच कथित अनैतिक गठजोड़ को लेकर दो परिवाद पत्रों के माध्यम से गंभीर आरोप प्राप्त हुए हैं। दोनों परिवाद पत्र खरौंधी की 26 वर्षीया गर्भवती महिला पुष्पा देवी की मौत से जुड़ी घटना से संबंधित हैं।

उन्होंने कहा कि शीघ्र ही पूरे मामले की विस्तृत जांच पूरी कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।

Tags

About Author

Ashutosh Ranjan

Follow Us On Social Media