जनसुनवाई में उपायुक्त ने आमजनों की समस्याएं सुनीं, त्वरित समाधान के दिए निर्देश

जनसुनवाई में उपायुक्त ने आमजनों की समस्याएं सुनीं, त्वरित समाधान के दिए निर्देश


दिवंगत आशुतोष रंजन

प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा

गढ़वा : उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी दिनेश कुमार यादव की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए फरियादियों की समस्याएं बारी-बारी से सुनी गईं तथा उनके शीघ्र निष्पादन हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई कार्यक्रम में राशन, पेंशन, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, आवास, मुआवजा, विभिन्न योजनाओं का लाभ, अतिक्रमण, रोजगार सृजन, बकाया मजदूरी भुगतान सहित अन्य जनसमस्याओं को लेकर ग्रामीण उपस्थित हुए। उपायुक्त ने प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को दिए।

भूमि विवाद व धमकी का मामला उपायुक्त के संज्ञान में: प्रखंड गढ़वा के ग्राम गुरदी से आए झरी पासवान ने आवेदन के माध्यम से बताया कि उनकी जमीन पर अन्य व्यक्तियों द्वारा मिट्टी भरकर बिक्री की जा रही है। विरोध करने पर उन्हें एवं उनके पुत्र को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने अंचल कार्यालय में शिकायत एवं भूमि सीमांकन हेतु आवेदन दिया था, किंतु अब तक न तो सीमांकन कराया गया है और न ही दोषियों के विरुद्ध कोई कार्रवाई हुई है। इस पर उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

बीमार पुत्री के इलाज हेतु सहायता की गुहार: चिनियाँ प्रखंड के ग्राम कठौतिया निवासी रंजीत कुमार यादव ने बताया कि उनकी 14 वर्षीय पुत्री को नियमित रूप से डायलिसिस कराना पड़ता है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर हो गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के अंतर्गत दो दुधारू गाय उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, ताकि आय का साधन विकसित कर वे अपनी पुत्री का समुचित इलाज करा सकें। उपायुक्त ने संबंधित विभाग को मामले पर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

मनरेगा मजदूरी भुगतान न होने की शिकायत: रंका प्रखंड के ग्राम बाराडीह से आईं अफरोजा बीबी ने बताया कि उन्हें मनरेगा अंतर्गत कूप निर्माण का कार्यादेश प्राप्त हुआ था। खुदाई एवं बंधाई का कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा मुखिया द्वारा सामग्री भी उपलब्ध कराई गई। किंतु अब तक मजदूरी का भुगतान नहीं हो पाया है। उपायुक्त ने मामले की जांच कर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।

विकलांगता पेंशन एवं ट्राईसाइकिल की मांग: गढ़वा प्रखंड के ग्राम करके से आईं प्रभावती कुमारी ने बताया कि उनका दिव्यांग पेंशन पिछले दस माह से बंद है। जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं उनके भाई कमलेश प्रजापति ने नए ट्राईसाइकिल की मांग की। ताकि आवागमन में सुविधा हो सके। उपायुक्त ने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस प्रकार जनसुनवाई के दौरान अन्य फरियादियों ने भी अपनी-अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। आमजनों से प्राप्त सभी शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान हेतु उपायुक्त दिनेश यादव द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Tags

About Author

Ashutosh Ranjan

Follow Us On Social Media