सेक्टर ऑफिसर्स अपने-अपने क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहें : एसडीएम
![]()
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : गढ़वा नगर परिषद एवं मझिआंव नगर पंचायत के आम निर्वाचन को लेकर सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने दोनों क्षेत्रों की सभी सेक्टर दंडाधिकारियों के साथ मंगलवार को आवश्यक बैठक की। बैठक में एसडीएम ने स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक वातावरण में निर्वाचन संपन्न कराने हेतु उन्हें कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। साथ ही निर्देश दिया कि वह अपने साथ संबंध पुलिस पदाधिकारी के साथ अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्र में सजग रूप से सक्रिय बने रहें।एसडीएम ने सभी सेक्टर दंडाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संवेदनशील समूहों एवं कमजोर वर्गों के बीच विश्वास निर्माण का कार्य करने का निर्देश दिया। साथ ही असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनसे संबंधित सूचना समय पर उपलब्ध कराने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी मतदान केंद्रों पर न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं का समय रहते आकलन कर उसकी रिपोर्ट संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी अथवा अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए। निर्वाचन प्रचार के दौरान वाहनों, ध्वनि विस्तारक यंत्रों तथा कार्यालयों आदि का उपयोग केवल निर्धारित नियमों के अनुसार ही किया जाए। किसी भी प्रकार के उल्लंघन की स्थिति में सेक्टर दंडाधिकारी स्वयं अपने स्तर से अथवा उड़नदस्ता के माध्यम से त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। इस दौरान मोहम्मद मजहर हुसैन, राहुल मिंज, लव कुमार कुशवाहा, रंजीत कुमार, अविनाश कुमार सिंह, शशि कुमार, मार्कंडेय तिवारी आदि उपस्थित थे।







