गढ़वा नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष व पार्षदों ने ली शपथ

गढ़वा नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष व पार्षदों ने ली शपथ

विकास व जनसेवा का सबों ने लिया संकल्प



दिवंगत आशुतोष रंजन

प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा


गढ़वा : जिला समाहरणालय के सभागार में आयोजित एक गरिमामय समारोह में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी दिनेश कुमार यादव ने गढ़वा नगर परिषद (वर्ग-ख) के नवनिर्वाचित अध्यक्ष आशीष कुमार सोनी उर्फ दौलत सोनी सहित सभी वार्ड पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर सभागार में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।

उपायुक्त ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि जनता ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर खरा उतरना उनकी सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अध्यक्ष एवं पार्षद मिलकर शहर के समग्र विकास, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और नागरिकों की समस्याओं के समाधान हेतु समर्पित भाव से कार्य करेंगे।

उन्होंने कहा कि नगर परिषद का मुख्य उद्देश्य न केवल प्रशासनिक कार्यों का सुचारु संचालन है, बल्कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाना भी है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उपायुक्त ने सभी को उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में गढ़वा नगर परिषद विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।

कार्यक्रम के दौरान उपाध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में अनिता प्रसाद ने सौरभ सिंह को 3 मतों से पराजित कर जीत हासिल की। इसके पश्चात अपर समाहर्ता-सह-निर्वाची पदाधिकारी, गढ़वा राज महेश्वरम ने निर्वाचन प्रमाण पत्र देते हुए जीत की बधाई दी। वहीं गढ़वा नगर परिषद अध्यक्ष आशीष कुमार सोनी उर्फ दौलत सोनी ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) प्रमेश कुशवाहा, अंचल अधिकारी मेराल यशवंत नायक, अंचल अधिकारी रंका शिवपुजन तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Tags

About Author

Ashutosh Ranjan

Follow Us On Social Media