हवाई सेवा से स्थानीय स्तर पर आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन गतिविधियों को भी मिलेगा बढ़ावा
राज्य सरकार द्वारा अभी तक एक विशेष प्रमाणन/प्रस्ताव केंद्र सरकार को नहीं भेजा गया
![]()
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
आज शुक्रवार को लोकसभा में शून्य काल के दौरान पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने केन्द्र सरकार का ध्यान क्षेत्रीय संपर्क योजना – उड़ान (RCS-UDAN) के अंतर्गत पलामू संसदीय क्षेत्र के मेदिनीनगर चियांकी हवाई अड्डा के शीघ्र संचालन से संबंधित अति महत्वपूर्ण मामला उठाया।
श्री राम ने कहा कि उक्त योजना के माध्यम से देश के दूरस्थ एवं अविकसित क्षेत्रों को हवाई संपर्क प्रदान करने तथा संतुलित क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाना है। मेदिनीनगर चियांकी हवाई अड्डा (पलामू) का संचालन प्रारंभ होना अत्यंत आवश्यक है। इससे क्षेत्र की हवाई संपर्क सुविधा बेहतर होगी तथा स्थानीय स्तर पर आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि इस संबंध में आगे की प्रक्रिया को बढ़ाने के लिए राज्य सरकार द्वारा एक विशेष प्रमाणन/प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाना आवश्यक है। जो अभी तक प्रस्तुत नहीं किया गया है। जिसके कारण उक्त हवाई अड्डे से विमान परिचालन हेतु अग्रेतर कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
सांसद ने कहा कि आपके माध्यम से नागरिक उड्डयन मंत्रालय, भारत सरकार से अनुरोध करता हूं कि कृपया यह स्पष्ट किया जाए कि राज्य सरकार से किस प्रकार का प्रस्ताव या प्रमाणन अपेक्षित है तथा उसमें कौन-कौन से विवरण आवश्यक हैं। यदि संभव हो तो संबंधित पत्र या निर्देश की प्रति भी उपलब्ध करायी जाए। ताकि राज्य सरकार और संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर उस प्रस्ताव को शीघ्र प्रस्तुत कराया जा सके।







