शीघ्र संचालन की तैयारी तेज
![]()
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : मंगलवार को गढ़वा एसडीएम सह जेल अधीक्षक संजय कुमार ने नगर ऊंटारी स्थित उपकारा (उप-जेल) परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हाल ही में खरीदे गए सामानों का भी सरसरी तौर पर जायजा लिया तथा इस जेल के यथाशीघ्र संचालन हेतु न्यूनतम आवश्यक संसाधनों और सामग्री की कमी का आकलन किया। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों इस जेल के संचालन के लिए आवश्यक कई जरूरी सामग्री को होटवार जेल रांची, घाघीडीह जेल जमशेदपुर तथा हजारीबाग सेंट्रल जेल से क्रय किया गया है। शेष आवश्यक सामग्री विहित प्रक्रिया अपनाकर शीघ्र ही क्रय कर ली जाएगी। इस निरीक्षण के क्रम में एसडीएम ने कहा कि विभागीय स्तर से जेल को शीघ्र प्रारंभ करने के लगातार निर्देश प्राप्त हो रहे हैं और इसी दिशा में आवश्यक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। उन्होंने बताया कि नगर उंटारी न्यायालय के आरंभ होने के बाद से ही इस उपकारा के संचालन की आवश्यकता लगातार महसूस की जा रही थी।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पिछले एक वर्ष के दौरान जेल आईजी, एडीशनल आईजी, उपायुक्त समेत कई वरीय अधिकारियों द्वारा स्थल का निरीक्षण किया जा चुका है और सभी ने जेल का जल्द संचालन करने के निर्देश दिए हैं।एसडीएम ने उम्मीद जताई कि अगले एक माह के भीतर आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की पूर्ति कर उपकारा को संचालित करने की दिशा में ठोस पहल की जाएगी।







