लगमा मुसहर टोला में एसडीएम ने बांटी चप्पलें व गमछे, गर्मी में दी राहत
![]()
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज़, गढ़वा
गढ़वा : सामाजिक सहयोग से अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार द्वारा संचालित ‘आइए खुशियां बांटें’ अभियान के तहत ग्रीष्मकाल के अनुरूप मंगलवार को गढ़वा प्रखंड के लगमा स्थित मुसहर टोला और निकटवर्ती भुइयां समाज के जरूरतमंद परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान एसडीएम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दर्जनों लोगों जिनमें बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक शामिल थे को चप्पलें, स्लीपर, गमछा एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई। भीषण गर्मी को देखते हुए इन सामग्रियों का वितरण कर लोगों को राहत प्रदान की गई।
एसडीएम ने बताया कि सर्दियों में इस अभियान के तहत जरूरतमंदों के बीच गर्म कपड़ों का वितरण किया गया था। अब ग्रीष्मकाल में उसी पहल को आगे बढ़ाते हुए चप्पल, जूते एवं गमछा आदि वितरित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को मौसम के अनुसार त्वरित आवश्यक सहायता मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक स्तर से इस प्रकार के छोटे-छोटे प्रयासों से समाज में अच्छा संदेश जाता है, उन्होंने अपने प्रखंड स्तरीय अधिकारियों से भी ऐसे अभियान चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज के सामूहिक सहयोग से समाज के जरूरतमंद अंतिम व्यक्तियों तक इस प्रकार की छोटी-छोटी तात्कालिक राहतें पहुंचें इसलिए उक्त प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेगा।









