गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में 80 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं की हो चुकी मैपिंग
13 व 14 जून को मैपिंग को लेकर विशेष अभियान, बीएलओ रहेंगे बूथ पर
![]()
सदास्मृत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के तहत गढ़वा जिले में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। 80 गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में 80 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं की मैपिंग की जा चुकी है, जबकि पूरे गढ़वा जिले में यह आंकड़ा लगभग 81 प्रतिशत तक पहुंच गया है।
इस शनिवार व रविवार को बीएलओ रहेंगे बूथ पर: गढ़वा के प्रभारी उप निर्वाचन पदाधिकारी सह सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि शनिवार 13 जून एवं रविवार 14 जून को सभी बीएलओ अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में बिना मैपिंग वाले मतदाताओं की सूची के साथ उपस्थित रहेंगे। ऐसे मतदाता जो अपनी मैपिंग की स्थिति जानना चाहते हैं, वे अपने बूथ पर जाकर संबंधित बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं।
बीएलओ का नाम और मोबाइल नंबर रखें मतदाता: उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने बीएलओ का नाम एवं मोबाइल नंबर भी अपने पास सुरक्षित रखें, ताकि भविष्य में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के किसी चरण में अथवा निर्वाचन संबंधी अन्य किसी भी कार्य में आवश्यकता पड़ने पर उनसे आसानी से संपर्क किया जा सके। उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता का उनके बीएलओ से संपर्क नहीं हो पा रहा है तो वह मतदाता 1950 पर कॉल करके भी अपने क्षेत्र के बीएलओ का नाम नंबर पता कर सकता है। सभी बीएलओ के नाम नंबर की विवरणी सीईओ झारखंड की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक: इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी संजय कुमार ने शुक्रवार शाम सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, बीएलओ पर्यवेक्षकों, कंप्यूटर ऑपरेटरों तथा अन्य संबंधित कर्मियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने निर्देश दिया कि शनिवार और रविवार को सभी बीएलओ की उपस्थिति हर हाल में सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने कहा कि इन दो दिनों के दौरान सभी पर्यवेक्षक अपने-अपने बीएलओ के साथ व्यक्तिगत संपर्क में रहेंगे तथा उन्हें आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
अधिकारियों द्वारा होगा औचक निरीक्षण: संजय कुमार ने बताया कि सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी भी अपने-अपने क्षेत्रों के बूथों का औचक निरीक्षण करेंगे तथा यह सुनिश्चित करेंगे कि बीएलओ निर्धारित समय पर उपस्थित होकर मतदाताओं की सहायता कर रहे हैं या नहीं।
जनप्रतिनिधियों एवं राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील: उन्होंने राजनीतिक दलों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, बीएलए-2 तथा अन्य संबंधित पक्षों से भी अनुरोध किया कि वे अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करें और जिन मतदाताओं की मैपिंग अभी तक नहीं हुई है, उन्हें अपने बीएलओ से संपर्क कर मैपिंग कराने के लिए प्रेरित करें।
मैपिंग नहीं होने से नहीं कटेगा नाम: एसडीएम ने स्पष्ट किया कि केवल मैपिंग नहीं होने के आधार पर किसी भी मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गणना प्रपत्र सभी मतदाताओं तक पहुंचाया जाएगा, चाहे उनकी मैपिंग हुई हो अथवा नहीं। इसलिए किसी भी मतदाता को अनावश्यक रूप से चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं अद्यतन बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।









