सड़क की हालत देखकर स्थानीय विधायक ने अगले दिन से ही निजी राशि से सड़क निर्माण की की घोषणा
ग्रामीणों ने जोरदार तालियों एवं जय घोष से घोषणा का किया स्वागत
![]()
सदास्मृत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : प्रधानमंत्री कार्यालय से लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी कार्यालय कांडी तक वर्षों से गुहार लगाते हुए मजदूर बहुल बस्ती ढबरिया के लोग थक चुके थे। पीएमओ एवं ब्लॉक के बीच डीसी, डीडीसी एवं सांसद विधायक तक बार-बार गुहार लगाई गई थी। लेकिन किसी ने गरीब मजदूरों की इस मांग पर ध्यान देने की जहमत नहीं उठाई। अंत में विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने आज उक्त ग्रामीणों के साथ जर्जर सड़क की हालत स्वयं देखकर अगले दिन से ही इसके निर्माण कार्य की शुरुआत निजी राशि से कराने की घोषणा की। इस घोषणा का मौके पर मौजूद लोगों ने जोरदार तालियों से स्वागत किया। लोगों ने कहा कि जो व्यक्ति बिना किसी पद पर रहते हुए 10 वर्षों तक विधानसभा क्षेत्र के सभी सातों प्रखंडों में विकास एवं जनकल्याण का कार्य कराया है आखिर उन्हीं के हाथों हम लोगों का कल्याण लिखा हुआ था। लोगों ने विधायक के नाम का मौके पर जय घोष भी किया। जिला के कांडी बिजली सबस्टेशन से ढबरिया गांव तक जाने वाली सड़क पर चलनेवाले वर्षों से बरसात के मौसम में अत्यंत त्रासद एवं नारकीय स्थिति का सामना करते रहे हैं। इस समस्या से प्रतिदिन आमजन, किसान, छात्र-छात्राओं एवं राहगीरों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र की इस गंभीर समस्या को देखते हुए जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि दिनेश कुमार के सतत प्रयास पर विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने बुधवार को स्वयं स्थल पर पहुंचकर सड़क की स्थिति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के उपरांत उन्होंने कहा कि मिशन जन कल्याण के तहत गुरुवार से ही सड़क पर मिट्टी एवं मोरम डलवाकर आवागमन को सुगम बनाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। विधायक ने यह भी कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए वे निरंतर कार्य कर रहे हैं और क्षेत्र के किसी भी गांव को विकास से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
यह पहल केवल एक सड़क के सुधार का प्रयास नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधियों की जनता के प्रति जवाबदेही, संवेदनशीलता और विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि आने वाले समय में भी इसी प्रकार जनहित के मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई होती रहेगी और क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। मालूम हो कि इस सड़क निर्माण के लिए कांडी उतरी क्षेत्र संख्या 4 की जिला परिषद सदस्य सुषमा कुमारी ने लाखों प्रयास किए हैं। जिला के उपायुक्त, उप विकास आयुक्त, पूर्व मंत्री से लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं स्थानीय मुखिया तक से वर्षों तक बार-बार फरियाद की गई है। इतना ही नहीं इस सड़क निर्माण के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय से भी गुहार लगाई जा चुकी है। प्रधानमंत्री कार्यालय से जिला के तत्कालीन उप विकास आयुक्त को स्पष्ट निर्देश दिया गया था कि कांडी बीडीओ को निर्देश देकर सड़क निर्माण सुनिश्चित कराया जाए। संबंधित चिट्ठी प्रखंड कार्यालय में आई भी लेकिन इस दलित बस्ती को जोड़ने के लिए जिला से लेकर देश स्तर तक किया गया प्रयास असफल रहा। स्वाभाविक है कि इस लंबी अवधि में स्थानीय विधायक एवं सांसद से भी बार-बार लिखित गुहार लगाई गई। लेकिन किसी ने महिला पुरुष एवं बच्चों की नारकीय त्रासदी पर ध्यान देना मुनासिब नहीं समझा। पहले जनप्रतिनिधि के रूप में विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने इस सड़क निर्माण के लिए निजी राशि से संचालित मिशन जन कल्याण से सड़क निर्माण का निर्णय लिया है। इस निर्णय की जानकारी मिलने पर जिप सदस्य उनके प्रतिनिधि के साथ-साथ पूरे गांव के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है। मौके पर जिला परिषद् सदस्य सुषमा कुमारी, विधायक प्रतिनिधि आतिश सिंह, पंसस अभिनंदन शर्मा सहित काफी संख्या में ग्रामीण व प्रबुद्धजन उपस्थित थे।








