पीड़ितों के गांव पहुंची बीजेपी की टीम
![]()
सदास्मृत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : पलामू जिले के पड़वा प्रखंड के सिक्का गांव में रहस्यमय बीमारी से एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हुई है। तीन सदस्य इलाज के लिए रिम्स में भर्ती हैं, जबकि दो सदस्यों की हालत काफी गंभीर है और दोनों को ऑक्सीजन पर रखा गया है। सिक्का गांव के कुलदीप मेहता, उनकी बेटी बबिता और इंदु कुमारी की मौत मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पीटल में हो चुकी है। जबकि 28 जून को कुलदीप मेहता की बहू श्वेता कुमारी और 29 जून को बेटा नकुल मेहता की रिम्स में मौत हो गई थी।
पीड़ित परिवार के गांव पहुंची बीजेपी की टीम
दोनों मृतकों का शव सोमवार देर शाम सिक्का गांव पहुंचा। जहां परिवार के एकमात्र स्वस्थ सदस्य कुलदीप मेहता के बेटे अनुज मेहता ने सभी का अंतिम संस्कार किया। इस बीच बीजेपी की एक टीम गांव पहुंची और टीम के सदस्यों ने पूरे मामले की जानकारी ली है।
इलाज के लिए जमीन गिरवी रखकर लिए पैसे
जानकारी के मुताबिक, अनुज मेहता बेंगलुरु में मजदूरी करते हैं। घटना के बाद वह घर वापस लौटे हैं और उन्होंने ही परिवार के सदस्यों का अंतिम संस्कार किया है। अनुज मेहता ने बताया कि उनके परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई है। इलाज के लिए उन्होंने जमीन गिरवी रखकर 50 हजार रुपए लिए हैं।
बीजेपी ने राज्य सरकार और प्रशासन पर उठाए सवाल
सिक्का गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत के बाद इस मामले में बीजेपी ने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। भाजपा के जिला अध्यक्ष अमित तिवारी के नेतृत्व में पार्टी की एक टीम सिक्का गांव पहुंची और यहां टीम ने हालात का जायजा लिया। भाजपा के नेताओं ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई। इधर, बीजेपी जिला अध्यक्ष अमित तिवारी ने बताया कि जिस गांव में घटना घटी है, वह गांव मुख्यालय से बेहद पास है। बावजूद इसके लोगों की लगातार मौत हो रही है।
राज्य सरकार की ओर से नहीं मिली आर्थिक मदद : बीजेपी
उनका सवाल है कि परिवार जमीन गिरवी रखकर इलाज करवा रहा है। लेकिन राज्य सरकार और प्रशासन की तरफ से कोई मदद पीड़ित परिवार को नहीं मिली है। गांव के लोगों को यह भी पता नहीं चल पा रहा है कि आखिर कौन सी बीमारी से लोगों की मौत हो रही है? अभी तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आई है।
जिला अध्यक्ष अमित तिवारी ने आगे कहा कि बीजेपी इस मामले में चुप नहीं बैठेगी। पूरे मामले को लेकर आंदोलन करेगी। इस दौरान पार्टी के प्रेम सिंह, नरेंद्र पांडेय, दुर्गा जौहरी समेत कई बड़े नेता मौजूद थे।







