उपायुक्त गढवा ने द्वीप प्रज्ज्वलित कर की कार्यक्रम की शुरुआत
उपायुक्त ने कहा कि रक्तदान महादान, मानव जाति के कल्याणार्थ बेहतरीन उपहार
उपायुक्त ने रक्तदाताओं को ब्लड डोनर सर्टिफिकेट से किया सम्मानित
![]()
सदास्मृत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति, गढ़वा द्वारा आज टाउन हॉल, गढ़वा में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य रूप से अपर समाहर्ता विकास कुमार राय, सिविल सर्जन डॉ. जेएफ कैनेडी, डीपीएम जेएसएलपीएस विमलेश शुक्ला आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत रूप से उपायुक्त श्री मिश्रा समेत अन्य पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। यह मानव जाति के कल्याण के लिए सबसे बेहतरीन उपहार है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक योग्य व्यक्ति को रक्तदान अवश्य करना चाहिए। रक्तदान कर किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। जो मानव जाति की सच्ची सेवा है। मौके पर उपस्थित सिविल सर्जन को निर्देशित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि किये गये रक्तदान का स्टोरेज ठीक से हो तथा रक्तदान शिविर नियमित रूप से संचालित हो। उन्होंने रक्तदान (Blood Donation) करने हेतु लोगों से अपील की एवं उनका उत्साह वर्धन किया।
जिला स्वास्थ्य समिति गढ़वा द्वारा आयोजित किए गए इस स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में मौके पर ही कई पदाधिकारियों, कर्मियों एवं इच्छुक व्यक्तियों ने रक्तदान किया। उपायुक्त द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर के दौरान किये गये ब्लड डोनेशन के लिए रक्तदाताओं को ब्लड डोनर सर्टिफिकेट से सम्मानित किया गया।
उक्त मौके पर उपरोक्त पदाधिकारियों के अतिरिक्त विभिन्न चिकित्सा पदाधिकारी, स्वास्थ्य कर्मी, जेएसएलपीएस के कर्मी समेत अन्य लोग उपस्थित थें।








