कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, खरौंधी की छात्राओं के स्वास्थ्य मामले में जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई

कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, खरौंधी की छात्राओं के स्वास्थ्य मामले में जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई

उपायुक्त ने विद्यालय एवं अस्पताल पहुंचकर लिया स्थिति का जायजा, छात्राओं का स्वास्थ्य सामान्य

संयुक्त जांच दल का गठन, 24 घंटे में जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश

प्रथम दृष्ट्या प्रमाणित-वार्डन, रसोईया और पूर्णकालिक शिक्षिका सहित अन्य होंगी बर्खास्त



सदास्मृत आशुतोष रंजन

प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा


गढ़वा : दिनांक 26 जून 2026 की संध्या में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, खरौंधी की लगभग 80 छात्राओं के अचानक अस्वस्थ होने की सूचना प्राप्त होते ही जिला प्रशासन पूरी तत्परता के साथ सक्रिय हो गया। उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा के निर्देश पर अनुमण्डल पदाधिकारी, श्री बंशीधर नगर तथा अंचल अधिकारी, खरौंधी ने तत्काल विद्यालय पहुंचकर सभी छात्राओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, भवनाथपुर में भर्ती कराकर उपचार सुनिश्चित कराया। साथ ही सिविल सर्जन को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, भवनाथपुर एवं अनुमण्डलीय अस्पताल, नगर उंटारी को अलर्ट मोड पर रखने का निर्देश दिया गया।

उपचार के उपरांत अधिकांश छात्राएं स्वस्थ होकर उसी रात अपने अभिभावकों के साथ घर लौट गईं। जबकि कुछ छात्राओं को हल्की अस्वस्थता महसूस होने के कारण चिकित्सकीय निगरानी में अस्पताल में भर्ती रखा गया।

उपायुक्त ने विद्यालय एवं अस्पताल पहुंचकर छात्राओं से की मुलाकात, स्वास्थ्य में लगातार सुधार

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आज उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा स्वयं कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, खरौंधी पहुंचे तथा पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली। इसके पश्चात उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, भवनाथपुर पहुंचकर भर्ती छात्राओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।

छात्राओं ने उपायुक्त को बताया कि भोजन करने के बाद टंकी का गर्म पानी पीने के पश्चात उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। जिसके बाद उन्हें अस्पताल लाया गया। छात्राओं ने बताया कि अब उनकी स्थिति पहले से काफी बेहतर है तथा केवल कुछ छात्राओं को हल्का सिरदर्द है। चिकित्सकों ने भी उपायुक्त को अवगत कराया कि सभी छात्राओं की स्थिति सामान्य एवं नियंत्रण में है तथा वे शीघ्र पूर्णतः स्वस्थ हो जाएंगी।

संयुक्त जांच दल का गठन, 24 घंटे में जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश

घटना के वास्तविक कारणों एवं उत्तरदायित्व का निष्पक्ष निर्धारण करने हेतु जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त जांच दल का गठन किया गया है। इस जांच दल में अनुमण्डल पदाधिकारी, श्री बंशीधर नगर प्रभाकर मिर्धा को अध्यक्ष तथा जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग मिंज को सदस्य नामित किया गया है।

जांच दल को निर्देशित किया गया है कि कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, खरौंधी में उपस्थित होकर छात्राओं के अचानक बीमार होने की घटना के प्रत्येक पहलू की गहन एवं निष्पक्ष जांच करें। दोषी व्यक्तियों की स्पष्ट पहचान करते हुए अपना संयुक्त जांच प्रतिवेदन 24 घंटे के भीतर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं।

प्रथम दृष्ट्या वार्डन, पूर्णकालिक शिक्षिका, रसोईया सहित अन्य की लापरवाही प्रमाणित होने पर उपायुक्त के निर्देशानुसार सभी को तत्काल प्रभाव से बर्खास्तगी की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

घटना की प्रारंभिक जांच में विद्यालय प्रशासन की गंभीर लापरवाही सामने आई है। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि विद्यालय की वार्डन बिना स्वीकृत अवकाश के अनुपस्थित थीं। वहीं पूर्णकालिक शिक्षिका विद्यालय के नियमों के विपरीत कक्षाओं के उपरांत विद्यालय परिसर में नहीं रह रही थीं। इसके अतिरिक्त भोजन एवं पेयजल व्यवस्था में भी गंभीर लापरवाही परिलक्षित हुई है।

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि छात्राओं की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही को कत्तई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध कठोरतम प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उपायुक्त ने कहा कि छात्राओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं गुणवत्तापूर्ण आवासीय व्यवस्था सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस घटना की पूरी निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु सभी आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।

Tags

About Author

Follow Us On Social Media