वर्षा ऋतु से पूर्व सरस्वती नदी की व्यापक सफाई अभियान तेज, उपायुक्त ने दिए आवश्यक निर्देश

वर्षा ऋतु से पूर्व सरस्वती नदी की व्यापक सफाई अभियान तेज, उपायुक्त ने दिए आवश्यक निर्देश

मेराल से गढ़वा तक सरस्वती नदी की सफाई नगर परिषद् एवं सामाजिक संगठनों के सहयोग से होगी पूर्ण



सदास्मृत आशुतोष रंजन

प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा

गढ़वा : जिले में नदी संरक्षण, स्वच्छता एवं गिरते जलस्तर की समस्या को ध्यान में रखते हुए सरस्वती नदी एवं दानरो नदी के संरक्षण की दिशा में प्रशासन द्वारा महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में आगामी वर्षा ऋतु से पूर्व मेराल प्रखण्ड से होकर गढ़वा तक बहने वाली सरस्वती नदी की साफ-सफाई का कार्य नगर परिषद्, गढ़वा तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से संचालित किया जा रहा है।

प्रशासनिक समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि सरस्वती नदी के कुछ हिस्सों में अभी भी साफ-सफाई का कार्य शेष है। जिसे शीघ्र पूर्ण किया जाना आवश्यक है। नदी की स्वच्छता, जल संरक्षण एवं पर्यावरणीय संतुलन की महत्ता को देखते हुए उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा ने अनुमण्डल पदाधिकारी, गढ़वा कुमार मयंक भूषण को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

जारी निर्देश के अनुसार मेराल से गढ़वा तक तथा दानरो नदी में सरस्वती नदी के समाहित होने वाले क्षेत्र तक संपूर्ण नदी की साफ-सफाई नगर परिषद्, गढ़वा के माध्यम से सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, इस अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने के लिए इच्छुक सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों, प्रतिष्ठानों एवं आम नागरिकों से भी पूर्व की भाँति सहयोग प्राप्त किया जाएगा।

उपायुक्त श्री मिश्रा ने कहा है कि नदियों की स्वच्छता केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी भी है। स्वच्छ एवं अविरल नदी न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक होती है। बल्कि भू-जल स्तर के संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा सरस्वती एवं दानरो नदी को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषणमुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की है।

☎️📞✉️
पुलिस हेल्पलाइन नंबर : 112
झार जल टोल फ्री नंबर : 1800-3456-502
झार जल व्हाट्सऐप नंबर : 9470176901

Tags

About Author

Follow Us On Social Media