बच्चों ने लिया नशा मुक्ति का संकल्प
नशा मुक्त समाज से ही संभव है परिवार और देश का विकास – अलखनाथ पाण्डेय
![]()
सदास्मृत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : आर के पब्लिक स्कूल गढ़वा में ‘अंतरराष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस’ पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों और शिक्षकों द्वारा नशा मुक्ति की सामूहिक शपथ के साथ हुई। इस अवसर पर स्कूल के निदेशक एवं शिक्षाविद् अलखनाथ पाण्डेय ने कहा कि “नशा व्यक्ति ही नहीं, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज को खोखला कर देता है। नशा मुक्त समाज से ही परिवार और देश का विकास संभव है। नशा करने वाला व्यक्ति आर्थिक, मानसिक और शारीरिक रूप से कमजोर हो जाता है, इसलिए हमें इससे बचना होगा।”
प्राचार्य संतोष पाण्डेय ने बताया कि हर वर्ष 26 जून को ‘अंतरराष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस’ मनाया जाता है। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 7 दिसंबर 1987 को नशीली वस्तुओं के निवारण के लिए यह प्रस्ताव पारित किया था। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाकर स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए जागरूक करना है।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने पोस्टर निर्माण और भाषण प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने ‘नशा छोड़ें, स्वस्थ जीवन से नाता जोड़ें’ के संदेश के साथ स्वस्थ, सशक्त और संस्कारित समाज बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अनूप कुमार पाण्डेय, गीता पाण्डेय, श्वेता पाण्डेय, अभिमन्यु शुक्ला, संजय कुमार, इम्तियाज खान, विकास तिवारी, अनिता सिन्हा, देवेन्द्र सिंह व अन्य सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।







