सरसों तेल में मिला था पीला धतूरा का तेल! जानें, क्या है ये
![]()
सदास्मृत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : पलामू जिले में पड़वा प्रखंड के सिक्का गांव में रहस्यमयी बीमारी से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत के मामले में चौंकाने वाली जानकारी निकलकर सामने आई है।
पीड़ित परिवार जो सरसों तेल का इस्तेमाल कर रहा था उसमें आर्गेमोन मेक्सिकाना (Argemone mexicana) का तेल मिला हुआ था। आर्गेमोन मेक्सिकाना एक कांटेदार खर-पतवार है जो पलामू के इलाके में बड़े पैमाने पर पाया जाता है। इसे स्थानीय भाषा में कटैला और पीला धतूरा भी कहा जाता है। परिवार जिस सरसों तेल का इस्तेमाल कर रहा था उसमें पीला धतूरा का तेल मिला हुआ था।
दरअसल, स्वास्थ्य विभाग एवं फूड सेफ्टी की टीम ने पीड़ित परिवार के घर में खानपान की सामग्री का सैंपल लिया था। टीम ने सरसों तेल का भी सैंपल लिया था जिसकी जांच रिपोर्ट सामने आई है। जांच रिपोर्ट में सरसों तेल में आर्गेमोन मैक्सिकाना के तेल के मिलावट की बात सामने आई है।
फूड टेस्टिंग लैबोरेट्री रांची ने पलामू स्वास्थ्य विभाग को भेजे रिपोर्ट में साफ तौर पर लिखा है कि आर्गेमोन का तेल स्वास्थ्य के लिए बेहद ही खतरनाक है। मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पीटल में तैनात डॉक्टर आरके रंजन ने बताया कि इस केस में शुरू से ही आशंका थी कि तेल में आर्गेमोन मैक्सिकाना मिला हुआ है। यह तेल बेहद ही खतरनाक होता है, तेल का इस्तेमाल जानवरों के इलाज के लिए किया जाता है। डॉ. आरके रंजन ने ही सबसे पहले मरीज का इलाज किया था। डॉ. आरके रंजन बताते हैं कि उनके जीवन का यह दूसरा मामला है, जिसमें सरसों तेल में मिलावट के बाद इस तरह की बीमारी का मामला निकलकर सामने आया है।
रहस्यमय बीमारी से सिक्का गांव में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत
पलामू जिला में पड़वा प्रखंड के सिक्का गांव में रहस्यमय में बीमारी से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हुई है। परिवार के मुखिया कुलदीप महतो की सबसे पहले 19 जून को मौत हुई थी। 20 जून को उनकी बेटी बबिता कुमारी की मौत हुई थी। 26 जून को बेटी इंदु कुमारी की मौत हो गई। तीनों के शव का पोस्टमार्टम मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पीटल में हुआ। जबकि कुलदीप मेहता की बहू श्वेता का 28 जून और बेटा नकुल मेहता की रांची रिम्स में मौत हुई थी। सभी के शरीर में सूजन थी और बाद में उनकी मौत हो गई थी।
पलामू पुलिस को कुलदीप महतो और बबिता कुमारी का पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिल गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद बिसरा को जांच के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का स्पष्ट कारण नहीं लिखा गया है और बिसरा से मौत की स्पष्ट जानकारी हो पाएगी। पड़वा थाना प्रभारी अंकित कुमार ने बताया कि रिम्स में भर्ती महिला का यूरिन और ब्लड के सैंपल को एफएसएल जांच के लिए भेज दिया गया है। जबकि बिसरा जांच के लिए भेजा जा रहा है।







