दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज़ गढ़वा
भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय में आपातकाल दिवस को भारत के इतिहास के काला दिवस के रूप में मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय व डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं वंदे मातरम गीत के साथ की गयी। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष ठाकुर प्रसाद महतो ने किया। कार्यक्रम में आपातकाल के दौरान जेल जाने वाले क्रांतिकारी नेताओं में महेंद्र कश्यप एवं स्व ज्वाला केशरी की पत्नी शकुंतला कुंवर एवं स्व. बसंत केशरी की पत्नी शोभा कुंवर को सम्मानित किया गया। साथ ही कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम का विषय प्रवेश कराते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष ठाकुर प्रसाद महतो ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने देश में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र की हत्या करने का काम किया था। जिसे पूरे देश में काला दिवस के रुप में मनाया जाता है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ नेता श्याम नारायण दुबे ने कहा कि कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर लोकतंत्र की हत्या कर दिया था। आपातकाल रूपी काला दिवस ने कांग्रेस की तानाशाही प्रवृत्ति को उजागर करने का काम किया है। 1975 में इंदिरा गांधी की कांग्रेस सरकार ने पब्लिक से लेकर मीडिया तक की आजादी पर प्रतिबंध लगा दिया था। जनता को अपनी बात रखने तक की आजादी छीन ली गई थी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की हत्या करने वाली कांग्रेस सरकार ने जिसे चाहा पकड़कर जेल में डाल दिया। लोकतंत्र के सबसे मजबूत चौथे स्तंभ मीडिया के लोगों को भी जबरदस्ती पकड़ कर जेल में बंद कर दिया गया था। इसके विरुद्ध देश में युवाओं ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद किया। जिसका नेतृत्व जयप्रकाश नारायण को सौंपा गया। उसी समय जेपी आंदोलन से जुड़कर लाखों छात्र युवाओं ने इंदिरा गांधी की तानाशाही सरकार को उखाड़ फेंकने का काम किया था। कार्यक्रम को भाजपा नेता शारदा महेश प्रताप देव, ओमप्रकाश तिवारी, विनय चौबे सहित अन्य कई लोगों ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री ओमप्रकाश गुप्ता एवं धन्यवाद ज्ञापन पवन कुमार ने किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा नेता ब्रजेश उपाध्याय, कैलाश कश्यप, मीना गुप्ता, डॉ पातंजलि केशरी, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष उदय कुशवाहा, परीक्षित तिवारी, उमेश कश्यप, धनंजय गौड़, मुकेश चौबे, ओमप्रकाश दास, रामसरीख चंद्रा सहित अन्य कई कार्यकर्ता मौजूद थे।


