उपायुक्त ने जनसुनवाई के माध्यम से सुनी आमजनों की समस्याएं

उपायुक्त ने जनसुनवाई के माध्यम से सुनी आमजनों की समस्याएं

प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान हेतु संबंधित पदाधिकारियों को दिए निर्देश

ठंड को देखते हुए जरूरतमंदों के बीच किया गया कंबल वितरण



दिवंगत आशुतोष रंजन

प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा


गढ़वा : उपायुक्त सह-जिला दंडाधिकारी दिनेश कुमार यादव की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए फरियादियों की समस्याओं को उपायुक्त ने गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके शीघ्र एवं समयबद्ध निष्पादन हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

आज के जनसुनवाई कार्यक्रम में राशन, पेंशन, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, आवास, मुआवजा, स्वास्थ्य, सरकारी योजनाओं का लाभ, अतिक्रमण, रोजगार सृजन सहित विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित हुए। उपायुक्त ने एक-एक कर सभी फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को त्वरित जांच एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जनसुनवाई के दौरान धुरकी प्रखंड के ग्राम तोरेलावा से आए ग्रामीणों ने शिकायत की कि उनके जन वितरण प्रणाली डीलर द्वारा दिसंबर 2025 माह का राशन वितरण नहीं किया गया है, जिससे उन्हें भोजन की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इस पर उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को मामले की जांच कर दोषी व्यक्ति पर कार्रवाई करते हुए अविलंब राशन वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इसी क्रम में खरौंधी प्रखंड के ग्राम सिसरी निवासी रोहित कुमार ने अपनी भूमि पर अवैध हस्तक्षेप एवं सीमांकन न होने की शिकायत दर्ज कराई। उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अंचल अधिकारी को शीघ्र सीमांकन कराने एवं आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

वहीं धुरकी प्रखंड अंतर्गत संचालित कल्याण विभाग के पुराने छात्रावास भवन की जर्जर स्थिति को लेकर ग्रामीणों ने दुर्घटना की आशंका जताई। उपायुक्त ने संबंधित विभाग को स्थल निरीक्षण कर सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक कार्रवाई करते हुए जर्जर भवन को अविलंब ध्वस्त कराने का निर्देश दिया।

इसके अतिरिक्त मेराल प्रखंड के ग्राम अरंगी से आए सुरेश मांझी ने वन भूमि पर वर्षों से खेती करने के बावजूद वन पट्टा नहीं मिलने की समस्या रखी। उपायुक्त ने संबंधित विभाग को मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

इसके अलावा भी विभिन्न गांवों से आए लोगों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सामूहिक समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं, जिन पर उपायुक्त श्री यादव ने संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान ठंड को देखते हुए उपायुक्त द्वारा उपस्थित जरूरतमंद फरियादियों के बीच कंबल का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन आमजनों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।

Tags

About Author

Ashutosh Ranjan

Follow Us On Social Media