चिनिया के हाथी प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे सदर एसडीएम

चिनिया के हाथी प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे सदर एसडीएम

चिरका गांव में दलित एवं आदिवासी परिवारों के बीच वस्त्र आदि का वितरण


दिवंगत आशुतोष रंजन

 

प्रियरंजन सिन्हा 

बिंदास न्यूज, गढ़वा

 

गढ़वा : गुरुवार को सदर एसडीएम संजय कुमार चिनिया प्रखंड के हाथी प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे। चिल्का डैम के आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से हाथियों द्वारा काफी नुकसान पहुंचाया गया था, इसी इलाके में दलित एवं आदिवासी परिवारों के बीच एसडीएम ने वस्त्र एवं अन्य उपयोगी सामग्री वितरित की। इस इलाके के तीन मतदान केंद्रों का भी उन्होंने निरीक्षण किया। सामाजिक-प्रशासनिक सहयोग से निरंतर संचालित “आइये खुशियाँ बाँटें” अभियान का यह लगातार 54वां दिन था। उसी के तहत चिनिया प्रखंड के चिरका गाँव में आयोजित किया गया, जहाँ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति समुदाय के जरूरतमंद परिवारों के सदस्यों के बीच वस्त्र एवं चप्पल आदि का वितरण किया गया।

चिरका गाँव एक हाथी-प्रभावित क्षेत्र है। बीते दिनों इस इलाके में हाथियों के उत्पात से लोगों को काफी नुकसान उठाना पड़ा था, जिससे यहां के परिवार पहले से ही कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे हैं। यह क्षेत्र सदर अनुमंडल के अंतर्गत नहीं आता है, इसके बावजूद स्थानीय लोगों की मांग पर सदर एसडीएम संजय कुमार स्वयं यहाँ पहुँचे और जरूरतमंदों के बीच गर्म कपड़े उपलब्ध कराए।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को उनकी आवश्यकता के अनुसार स्वेटर, जैकेट, शॉल, चप्पल एवं अन्य उपयोगी सामग्री प्रदान की गई। जरूरत की वस्तुएँ पाकर लोगों के चेहरों पर राहत और संतोष साफ झलक रहा था।

अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान केवल प्रशासनिक दायरे तक सीमित नहीं है, बल्कि जहाँ भी जरूरत महसूस होती है, वहाँ मानवीय आधार पर पहुँचकर सहायता देना इसका उद्देश्य है। प्रशासन और समाज के संयुक्त प्रयास से यह मुहिम लगातार आगे बढ़ रही है, ताकि संकट और अभाव के समय कोई भी परिवार स्वयं को अकेला न महसूस करे।

Tags

About Author

Ashutosh Ranjan

Follow Us On Social Media