![]()
सदास्मृत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार के साप्ताहिक संवाद कार्यक्रम “कॉफी विद एसडीएम” के तहत हर बार की तरह कार्यक्रम का आयोजन कल बुधवार को पूर्वाह्न 11:00 बजे अनुमंडल कार्यालय सभागार में किया जाएगा।
इस बार कार्यक्रम में गढ़वा एवं डंडा प्रखंड क्षेत्र के चौकीदार-दफादार (ग्रामीण प्रहरियों) को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम का उद्देश्य गांव स्तर की कानून-व्यवस्था, सामाजिक समन्वय, सूचना तंत्र की मजबूती, अफवाह नियंत्रण तथा ग्रामीण क्षेत्रों में उभर रही समस्याओं को लेकर जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे प्रहरियों के अनुभवों, समस्याओं एवं सुझावों को सुनना है।
एसडीएम ने कहा कि चौकीदार गांव स्तर पर प्रशासन की आंख और कान की भूमिका निभाते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने, सामाजिक गतिविधियों की जानकारी प्रशासन तक पहुंचाने तथा किसी भी संभावित विवाद या तनाव की प्रारंभिक सूचना उपलब्ध कराने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। संजय कुमार ने आमंत्रित वर्ग से निर्धारित समय पर स्वैच्छिक रूप से उपस्थित होकर कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य केवल औपचारिक चर्चा नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे लोगों की बातों को सुनना और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को समझना है।







