लातेहार में एक विशाल अजगर निकलने से मची अफरा-तफरी
बाद में वन विभाग की टीम ने अजगर का किया रेस्क्यू
![]()
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
लातेहार जिले के बारेसाढ़ के परेवाटांड़ से वन विभाग की टीम ने 12 फीट के एक अजगर का रेस्क्यू किया है। यह अजगर परेवाटांड़ के अर्जुन सिंह के पुआल के टाल में छुपा हुआ था। सोमवार को पलामू टाइगर रिजर्व में 12 साल से तैनात वनपाल परमजीत तिवारी और उनकी टीम को सूचना मिली थी कि अर्जुन सिंह नामक व्यक्ति के घर के पास एक विशाल अजगर देखा गया है। इसकी सूचना मिलने के बाद रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची थी। टीम ने 12 फीट लंबे और करीब 18 किलो वजनी अजगर का रेस्क्यू किया। बाद में रेस्क्यू टीम ने अजगर को कुम्हरमारा जंगल में छोड़ दिया।
अजगर मिट्टी के घर में लगने वाली कंडी के बराबार मोटा था। यह बकरी, छोटे मवेशी के बराबर किसी भी जीव को निगल सकता था। रेस्क्यू टीम में फॉरेस्टर परमजीत तिवारी, वाइल्डलाइफर शेरा गुप्ता, ट्रैकर अमन कुमार, क्यूआरटी सदस्य मुखराज यादव और लक्ष्मण यादव, ग्रामीण आकाश कुमार शामिल थे।
“लातेहार के बारेसाढ़ में 12 फीट लंबे अजगर का सफल रेस्क्यू किया गया है। अजगर को पकड़ कर जंगल में छोड़ दिया गया है। वन विभाग की टीम सभी से आग्रह करती है कि अजगर या सांप को देखने के बाद सूचना दें, ताकि उसका रेस्क्यू किया जा सके.” – परमजीत तिवारी,फॉरेस्टर
बिल में भरा पानी, जंगल जाने वाले रहें सावधान: पिछले एक महीने से पलामू प्रमंडल में लगातार बारिश हो रही है। इस कारण सभी जलस्रोत भर गए हैं। अजगर और सांप के बिलों में भी पानी भर गया है। इस कारण वे अपने बिलों से बाहर निकल रहे हैं। भींगे पत्ते और पुआल जैसी वस्तु के बीच सांप आसानी से छुप जाते हैं। भींगे पत्ते हवा से उड़ नहीं सकते हैं। इस कारण सांप को छुपने में आसानी होती है। सांप को बिल के बाहर भोजन भी आसानी से मिल रहा है। सांप को मेढ़क आसानी से मिल रहे हैं।








