भगवान का केवल नाम लेकर इस भव बंधन से पार जा सकते हैं : पंकज जी

भगवान का केवल नाम लेकर इस भव बंधन से पार जा सकते हैं : पंकज जी

जोबरईया महायज्ञ के चौथे दिन परिक्रमा व प्रवचन में श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

वैदिक मंत्रोच्चार व संगीतमय प्रवचन से प्रवाहित हो रही भक्ति की धारा


दिवंगत आशुतोष रंजन

 

प्रियरंजन सिन्हा 

बिंदास न्यूज, गढ़वा

 

गढ़वा : जिला मुख्यालय के समीप जोबरईया ग्राम स्थित बंडा पहाड़ की तलहटी में नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर में 08 से 16 मार्च 26 तक चलने वाले नौ दिवसीय विराट श्री रुद्र महायज्ञ में यज्ञ के चौथे दिन प्रातः काल भगवान भोलेनाथ के रुद्राभिषेक के साथ शुरू हुआ। रुद्राभिषेक के दौरान आचार्यगण के मंत्रोच्चार से संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय हो गया। तत्पश्चात यज्ञमंडप में आहुतियों का कार्य वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्रारंभ हुआ। जिसमें मुख्य यजमान जितेंद्र कुमार पाल  के अतिरिक्त सभी यजमान महायज्ञ के यज्ञाधीश आचार्य श्री श्री आशीष वैद्य जी महाराज जी के पावन सानिध्य व आचार्यगण की उपस्थिति में हवन यज्ञ प्रारंभ हुआ। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संध्या 6:00 बजे सभी यजमानों के द्वारा संयुक्त रूप से व्यास पीठ के पूजन के साथ ही पावन श्रीराम कथा शुरू हुई।कथा के चतुर्थ दिवस का प्रारंभ परम पूज्य आचार्य पंकज शांडिल्य जी ने राम नाम की महिमा का वर्णन से किया। उन्होंने कहा कि विकट कलिकाल में नाम संकीर्तन का विशेष महत्व है। हम भगवान का नाम लेकर के इस भव बंधन से पार जा सकते हैं। श्रीराम कथा का श्रवण करके हम कलियुग के कल्मष को बिना किसी श्रम के धो सकते हैं। परम पूज्य महाराज जी ने उपस्थित श्रोताओं को भगवान श्रीराम के बाल चरित्र का श्रवण कराया। उन्होंने कहा कि बाल-लीलाओं के माध्यम से हमारे प्रभु ने भक्तों को अपनी भक्ति प्रदान किया। अत्याचारी ताड़का सुबाहु आदि राक्षसों का वध करके भगवान श्री राम जी ने यज्ञ की रक्षा किया। कथा के बीच-बीच में संगीतमय प्रस्तुति से श्रोता झूमते देखे गए। कथा के अंत में दिव्य झांकियों का दर्शन कऱ श्रोता मंत्रमुग्ध हो गए। प्रधान संयोजक राकेश पाल ने सभी सदस्यों को पूरे कार्यक्रम के दौरान अति सतर्कता बढ़ाते हुए सभी श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक रूप से उचित सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया और किए जा रहे कार्यों पर संतोष व्यक्त किया।

आज के कार्यक्रम में अतिथि के रूप में उपस्थित शिक्षकद्वय  अनूप कुमार अग्रवाल,  रविरंजन सिंह एवं सलेमपुर पलामू से आए हुए सब इंस्पेक्टर विवेक पाल ने संयुक्त रूप से व्यास पीठ को सम्मानित किया। याज्ञाधीश आचार्य श्री श्री आशीष वैद्य जी महाराज ने अतिथियों को अंग वस्त्र प्रदान कर उनकी उपस्थिति के प्रति आभार प्रकट किया। संपूर्ण कार्यक्रम में जागृति युवा क्लब महायज्ञ आयोजन समिति  के उपाध्यक्ष सत्येंद्र पाल, सचिव विनय पाल, उदय पाल, पंकज पाल, चंदन पाल, आनंद चंद्रवंशी, जितेंद्र पाल गुड्डू, हरिपाल के अतिरिक्त धनंजय चंद्रवंशी, उदय पाल, राजन, अनिल आदि लोगों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

Tags

About Author

Ashutosh Ranjan

Follow Us On Social Media