सांसद ने संसद में रेड़मा में स्टेट बैंक की बंद शाखा को पुन: खोलने की मांग की

सांसद ने संसद में रेड़मा में स्टेट बैंक की बंद शाखा को पुन: खोलने की मांग की

उन्होंने बरगढ़ व बिशुनपुरा में एसबीआई की नई शाखा खोलने की सख्त जरूरत बताई


दिवंगत आशुतोष रंजन

 

प्रियरंजन सिन्हा 

बिंदास न्यूज, गढ़वा

 

गढ़वा : पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने आज लोकसभा में नियम 377 के तहत  पलामू संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत मेदिनीनगर के रेड़मा में भारतीय स्टेट बैंक की शाखा के पुनः संचालन, गढ़वा जिला के बरगढ़ एवं बिशुनपुरा प्रखंड मुख्यालय में भारतीय स्टेट बैंक की नई शाखाएँ खोलने से संबंधित जनता से जुड़ी हुयी एक अत्यंत महत्वपूर्ण मामले को उठाया।

श्री राम ने कहा कि पलामू संसदीय क्षेत्र अंतर्गत दोनों जिले पलामू एवं गढ़वा आकांक्षी जिलों में सम्मिलित हैं। आकांक्षी जिलों में बैंकिंग सेवाओं का विस्तार निश्चित रूप से सराहनीय है। परंतु भारतीय स्टेट बैंक की सेवाओं की उपलब्धता से संबंधित कुछ गंभीर समस्याएँ क्षेत्र में उत्पन्न हो गयी हैं। विदित हो कि पलामू जिला के मुख्यालय मेदिनीनगर के रेड़मा क्षेत्र में पूर्व में संचालित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा को बंद कर दिया गया है। रेड़मा जिला मुख्यालय पलामू का एक घनी आबादी वाला और व्यावसायिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्र है। इस शाखा के बंद होने से हजारों खाताधारकों, पेंशनभोगियों तथा व्यापारियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इन सभी ग्राहकों को मेदिनीनगर स्थित मुख्य शाखा में स्थानांतरित कर दिया गया है। जो पहले से ही अत्यधिक भीड़भाड़ का सामना कर रहा है। जिससे लंबी कतारें और बैंक सेवा गुणवत्ता में गिरावट देखी जा रही है। इसके अतिरिक्त, गढ़वा जिले के बरगढ़ एवं बिशुनपुरा प्रखंड मुख्यालयों में भी भारतीय स्टेट बैंक की नई शाखाएँ खोले जाने की आवश्यकता है। ताकि आदिवासी एवं ग्रामीण आबादी को बैंकिंग सेवाओं, किसान क्रेडिट कार्ड तथा सरकारी योजनाओं के प्रत्यक्ष  हस्तांतरण का लाभ आसानी से मिल सके।

सांसद ने कहा कि आपके माध्यम से वित मंत्रालय, भारत सरकार से अनुरोध करता हूँ कि रेड़मा शाखा के पुनः संचालन, बरगढ़ एवं बिशुनपुरा प्रखंड में नई शाखाएँ खोलने की कृपा की जाय।

Tags

About Author

Ashutosh Ranjan

Follow Us On Social Media