महत्वपूर्ण जन-सूचना : एलपीजी आपूर्ति सामान्य, ब्लैक मार्केटिंग पर शिकायत हेतु हेल्पलाइन जारी
![]()
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : जिले में घरेलू एलपीजी (रसोई गैस) की सुचारू एवं निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को उपायुक्त सह-जिला दण्डाधिकारी दिनेश यादव की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी एजेंसियों से वर्तमान स्टॉक एवं आगामी आपूर्ति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। एजेंसी प्रतिनिधियों द्वारा अवगत कराया गया कि गैस की आपूर्ति पूर्व की भांति नियमित रूप से हो रही है, किंतु हाल के दिनों में उपभोक्ताओं द्वारा अचानक अधिक संख्या में बुकिंग किए जाने से वितरण व्यवस्था पर दबाव बढ़ा है। इस पर उपायुक्त ने निर्देश दिया कि गैस आपूर्ति में हॉस्टल, विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र एवं अस्पतालों को प्राथमिकता दी जाए।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस आवश्यक वस्तु अधिनियम के अंतर्गत आती है, अतः इसकी कालाबाजारी या किसी भी प्रकार की अनियमितता पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने गैस सिलेंडरों में टैम्परिंग तथा घरेलू सिलेंडर से गैस निकालकर व्यावसायिक उपयोग में लाने जैसी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए ऐसे मामलों पर कड़ी निगरानी एवं त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी गैस एजेंसियों को अपने निर्धारित क्षेत्र में ही कार्य करने, बिना उचित कारण एजेंसी बंद नहीं रखने तथा उपभोक्ताओं के लिए एजेंसी का संपर्क नंबर, उपलब्ध स्टॉक एवं वितरण से संबंधित जानकारी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। साथ ही, किसी भी समस्या की स्थिति में स्थानीय थाना, एमओ एवं बीडीओ के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा गया।
उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि जिले में रसोई गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा नियमित आपूर्ति की जा रही है। अतः घबराकर अनावश्यक रूप से गैस बुकिंग करने की आवश्यकता नहीं है। सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने नागरिकों से प्रशासन एवं गैस कंपनियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की, ताकि जिले में गैस आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रहे।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अमन कुमार, अपर समाहर्ता राज महेश्वरम, जिला आपूर्ति पदाधिकारी देवानंद राम, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, एसडीपीओ, आईओसीएल के एरिया सेल्स ऑफिसर, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं गैस एजेंसी प्रतिनिधि उपस्थित थे।
महत्वपूर्ण सूचना:
ब्लैक मार्केटिंग से संबंधित शिकायत हेतु संपर्क करें: 7488658157
जिले में एलपीजी आपूर्ति सामान्य है
शहरी क्षेत्र: 25 दिन में बुकिंग करें
ग्रामीण क्षेत्र: 45 दिन में बुकिंग करें








