उन्होंने धान अधिप्राप्ति की तिथि 30 अप्रैल तक बढ़ाने व लंबित भुगतान पेमेंट की मांग की
![]()
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रहलाद जोशी से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने झारखंड राज्य, विशेषकर पलामू संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत पलामू एवं गढ़वा जिलों के किसानों से संबंधित धान अधिप्राप्ति एवं लंबित भुगतान के महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।
श्री राम ने कहा कि खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के अंतर्गत धान अधिप्राप्ति की निर्धारित अवधि 31 मार्च 2026 तक थी। राज्य सरकार की लापरवाही के कारण अभी भी कई किसानों के धान की खरीद नहीं हो पायी है। साथ ही, जिन किसानों से धान की खरीद की गई है, उन्हें भी अब तक भुगतान प्राप्त नहीं हुआ है।
किसानों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने मंत्री से धान अधिप्राप्ति की अवधि को 30 अप्रैल 2026 तक बढ़ाने का अनुरोध किया। ताकि अधिक से अधिक छूटे हुए किसानों से धान की खरीद सुनिश्चित की जा सके और उन्हें उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके। इससे अधिप्राप्ति के निर्धारित लक्ष्य को भी पूरा करने में सहायता मिलेगी।
सांसद श्री राम ने बताया कि मंत्री ने सकारात्मक आश्वासन दिया है। मुझे उम्मीद है कि धान अधिप्राप्ति की अवधि का विस्तार होगा। यह जानकारी सांसद के निजी सचिव अलख दुबे ने दी है।







