मंडल डैम से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास से संबंधित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश
सभी आवश्यक निर्माण कार्यों को मूर्त रूप देने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को उपायुक्त ने किया निर्देशित
![]()
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : उपायुक्त गढ़वा दिनेश यादव ने आज समाहरणालय स्थित सभागार में शहीद नीलाम्बर पीताम्बर उत्तरी कोयल परियोजना (मण्डल डैम) के अवशेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने हेतु समीक्षा बैठक का आयोजन किया। जिसमें उक्त परियोजना से संबंधित सभी पदाधिकारी उपस्थित थे। गत बैठक में दिए निर्देशों के अनुपालन संबंधी प्रतिवेदन से अवगत होकर अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही गई। साथ ही बैठक के दौरान उपस्थित सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कंसलटेंसी एजेंसी मैनटेक द्वारा समर्पित प्रतिवेदनों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। परियोजना अंतर्गत आ रही समस्याओं और सुझावों को सुना। उपायुक्त ने पुनर्स्थापित होने वाले परिवारों के साथ-साथ पहले से निवास कर रहे ग्रामीणों के लिए भी सड़क, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, श्मशान, मंदिर, तालाब, खेल के मैदान सहित अन्य सभी मूलभूत एवं विकासपरक योजनाओं को सुनिश्चित करते हुए समग्र विकास करने हेतु निर्देशित किया। उपायुक्त ने यह भी कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि किसी को भी विस्थापन के कारण कठिनाई न हो और सभी को बेहतर जीवन-स्तर उपलब्ध कराया जाए। पुनर्वास स्थल पर समुचित आधारभूत संरचना विकसित करने की दिशा में तेज़ी से कार्य करने हेतु संबंधित पदाधिकारी को निर्देशित किया। उक्त कार्यों में तेजी लाने हेतु उपायुक्त ने सभी बुनियादी निर्माण कार्य के लिए तैयार किये गये रूप रेखा को भौतिक तौर पर मूर्त रूप देने का निर्देश दिया। इसके लिए आगामी बैठक तक सभी निर्माण किये जाने वाले संरचनाओं का डीपीआर तैयार कर अग्रेतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उक्त समीक्षात्मक बैठक में उपरोक्त पदाधिकारियों के अतिरिक्त अपर समाहर्ता राज महेश्वरम, अनुमण्डल पदाधिकारी, रंका रूद्र प्रताप, जिला कल्याण पदाधिकारी धीरज प्रकाश, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, आरईओ, आरसीडी, भवन प्रमंडल, विद्युत विभाग, भूमि संरक्षण पदाधिकारी, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी रंका एवं रमकंडा समेत अन्य संबंधित उपस्थित थे।









