![]()
सदास्मृत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : समाहरणालय के समक्ष आयोजित धरना के बाद झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने राष्ट्रपति के नाम गढ़वा डीडीसी को मांगपत्र सौंपा। श्री ठाकुर ने सौंपे गए मांग पत्र में कहा है कि केन्द्र सरकार द्वारा आम जनता से संबंधित रोजमर्रा की वस्तुओं के मूल्य में लगातार बेतहाशा वृद्धि की गई है। इन्हें आम जनता की भलाई से कोई सरोकार नहीं है। देश में लगातार महंगाई बढ़ रही है। जिस पर केन्द्र सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है। वर्तमान में छोटे दुकानदारों एवं खोमचावालों को पूर्व में मिलने वाले छोटे गैस सिलेंडर की कीमत में 261 रु तथा बड़े दुकानदारों को व्यवसायिक गैस सिलेंडर की कीमत में 993 रूपये की अतिरिक्त बढ़ोत्तरी कर दी गई है। ज्ञातव्य हो कि अधिकतर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और अन्य विभिन्न प्रकार के समारोहों के आयोजन में व्यवसायिक गैस सिलेंडर का उपयोग होता है। इसके मूल्यों में अप्रत्याशित रूप से वृद्धि कर दिए जाने के फलस्वरूप होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा बंद होने के कगार पर आ गए हैं। साथ ही विभिन्न प्रकार के सामाजिक एवं पारिवारिक आयोजनों में लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। केन्द्र सरकार द्वारा लगातार आम जीवन के उपयोग में आनेवाले सामग्रियों की मूल्यवृद्धि कर देश में महंगाई बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। फलस्वरूप जनता त्रस्त है। आम जनजीवन पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। श्री ठाकुर ने राष्ट्रपति से महंगाई पर नियंत्रण हेतु आवश्यक एवं प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया है। ताकि आम जनता को राहत मिल सके और उनका जीवन सुचारु रूप से चल सके।








