बढ़ती महंगाई से गरीबों का चूल्हा बुझने के कगार पर है : मिथिलेश ठाकुर

बढ़ती महंगाई से गरीबों का चूल्हा बुझने के कगार पर है : मिथिलेश ठाकुर

मुख में राम बगल में छुरी रखते हैं गढ़वा विधायक

केंद्र की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ गढ़वा में झामुमो का शंखनाद, समाहरणालय पर विशाल महाधरना

बहुत हुई महंगाई की मार, गद्दी छोड़ मोदी सरकार के नारों से गूंजा समाहरणालय परिसर



सदास्मृत आशुतोष रंजन

 

प्रियरंजन सिन्हा 

बिंदास न्यूज, गढ़वा

 

गढ़वा : केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) एवं कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार की जा रही भारी वृद्धि, बढ़ती महंगाई व केंद्र सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा गढ़वा जिला इकाई के तत्वावधान में गुरूवार को गढ़वा समाहरणालय के समक्ष एक दिवसीय विशाल महाधरना का आयोजन किया गया। महाधरना के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए बढ़ती महंगाई को आम जनता पर आर्थिक हमला बताया। तत्पश्चात झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री झामुमो के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर ने राष्ट्रपति के नाम गढ़वा डीडीसी पशुपति नाथ मिश्रा को एक मांग पत्र सौंपा।

मौके पर पूर्व मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार की जन विरोधी नीतियों के कारण देश में महंगाई लगातार चरम पर पहुंच रही है। आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि से आम जनता का जीवन कठिन होता जा रहा है। गरीबों के चूल्हे बुझने की स्थिति में हैं। जबकि मध्यम वर्गीय परिवार आर्थिक बोझ से जूझ रहे हैं। श्री ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार को जन सरोकार से कोई लेना-देना नहीं है। वह महंगाई के बोझ से जनता का गला दबाकर पूरे देश में सिर्फ अपना साम्राज्य स्थापित करना चाहती है। उन्होंने कहा कि राज्यों में चुनाव समाप्त होते ही गैस सिलेंडर का दाम बढ़ने लगा। युवाओं से रोजगार छीना जा रहा है। केंद्र सरकार की डीजल और पेट्रोल की कीमतों में भी वृद्धि की मंशा है। श्री ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार जल्द से जल्द गैस की कीमतों में हुई वृद्धि वापस ले। साथ ही महंगाई पर रोक लगाए। अन्यथा आज तो सिर्फ सभी जिला मुख्यालयों में धरना – प्रदर्शन है। आने वाले समय में झामुमो के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर केंद्र सरकार की ईंट से ईंट बजा देंगे। 

उन्होंने कहा कि बहुत हुई महंगाई की मार का नारा देकर सत्ता में आई भाजपा आज खुद महंगाई की सबसे बड़ी जननी बन चुकी है। उज्ज्वला योजना का लाभ लेने वाले गरीब परिवार आज सिलेंडर भरवाने में असमर्थ हो चुके हैं। केंद्र सरकार पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए आम जनता की जेब पर लगातार बोझ डाल रही है। वहीं दूसरी ओर झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार जनहित एवं कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों को राहत पहुंचाने का कार्य कर रही है।

श्री ठाकुर ने गढ़वा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए वे अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति अभद्र एवं अमर्यादित शब्दों का प्रयोग भाजपा की संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है। वे महिलाओं के खिलाफ जिस प्रकार की भाषा का प्रयोग करते हैं एक दिन उन पर भारी पड़ेगा। इसका जवाब आने वाले समय में जनता लोकतांत्रिक तरीके से देगी। श्री ठाकुर ने कहा कि हमलोग सनातनी हैं। हमलोगों के मुख में भी राम और दिल में भी राम बसते हैं। परंतु गढ़वा विधायक के मुख में राम और बगल में छुरी है। श्री ठाकुर ने कहा कि विधायक श्री तिवारी सिर्फ लूटने में लगे हुए हैं। जहां उन्हें लूटते हुए नहीं बन रहा है वहां बिलबिला जा रहे हैं और अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। श्री ठाकुर ने कहा कि विधायक अभी भी चेत जाएं नहीं तो उनके खिलाफ बहुत कुछ है हमलोगों के पास, पूरा पत्ता खोल देंगे। उन्होंने कहा कि गढ़वा की जनता सब जानती है कि किसने विकास किया और किसने केवल राजनीति। श्री ठाकुर ने खुली चुनौती देते हुए कहा कि जनता के बीच खुला मंच लगे और तुलना हो जाए कि 12 वर्षों के कार्यकाल में भाजपा विधायक ने कितना कार्य किया और 5 वर्षों में उन्होंने मंत्री एवं विधायक रहते हुए गढ़वा के विकास के लिए क्या-क्या कार्य किए। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा गरीबों और आम जनता के लिए समस्याएं पैदा करने का कार्य करती है। जबकि झामुमो जनता के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई लगातार लड़ता रहेगा। मौके पर जिलाध्यक्ष शंभू राम, सचिव शरीफ अंसारी, जवाहर पासवान, मेदिनी खान, तनवीर आलम, मनोज ठाकुर, शांति देवी, नितेश सिंह, चंदन जायसवाल, राज किशोर यादव, मुक्तेश्वर पाण्डेय, फरीद खान, रौशन पाठक, संजय सिंह छोटू, रेखा चौबे, दीपमाला, कामता प्रसाद, फुजैल अहमद, कामेश्वर चैधरी, अरविन्द यादव, आशीष अग्रवाल, संतोष केशरी, अर्चना प्रकाश, रेखा पाठक, आराधना सिंह, अनामिका सिंह, संजय कांस्यकार, सुजीत चंद्रवंशी, साबिर अंसारी, हरिओम यादव, रामनाथ पाण्डेय सहित काफी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित थे।

Tags

About Author

Follow Us On Social Media