मझिआंव मोड़ जोड़ा-पुल के पास दिन भर चला सफाई अभियान
सदास्मृत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : संजय कुमार की पहल पर जनसहयोग से संचालित “आपन सरस्वतिया” अभियान के तहत बुधवारको तीसरे दिन भी सरस्वतिया नदी की सफाई एवं डी-सिल्टिंग का कार्य जारी रहा। अभियान के अंतर्गत नदी के विभिन्न हिस्सों से गाद एवं कचरा हटाने का कार्य मशीनों की सहायता से कराया गया। वहीं कुछ श्रमिकों ने मैनुअल कार्य भी किया।
आज के अभियान में प्रमुख सहयोगी के रूप में एमजी कंस्ट्रक्शन कंपनी के अजय कुमार द्वारा एक पोकलेन मशीन उपलब्ध कराई गई। वहीं नगर परिषद की ओर से एक जेसीबी उपलब्ध कराई गई। इसके अतिरिक्त स्थानीय समाजसेवी चंदन जायसवाल द्वारा भी अभियान में सहयोग स्वरूप ईंधन उपलब्ध कराया गया।
एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि “आपन सरस्वतिया” केवल प्रशासनिक अभियान नहीं बल्कि जनभागीदारी से संचालित सामाजिक आंदोलन का रूप ले रहा है। लगातार बढ़ रहा जनसहयोग इस बात का संकेत है कि शहरवासी अपनी नदी को बचाने के लिए गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल नदी की सफाई ही नहीं बल्कि लोगों में नदी संरक्षण के प्रति स्थायी जागरूकता उत्पन्न करना भी है। उन्होंने शहर के अन्य समाजसेवी संगठनों, व्यवसायियों, युवाओं एवं सक्षम नागरिकों से भी आगे आकर सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जो लोग मशीन, डीजल अथवा अन्य संसाधनों के माध्यम से सहयोग करना चाहते हैं, वे स्वैच्छिक रूप से अभियान से जुड़ सकते हैं।
एसडीएम ने स्थानीय युवाओं एवं सामाजिक संस्थाओं से नदी किनारे फैले प्लास्टिक एवं अन्य कचरों को हटाने के लिए श्रमदान करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता और प्रशासनिक समन्वय से सरस्वतिया नदी को पुनर्जीवित करने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।
जानकी बाग में अभियान चलेगा: उन्होंने जानकारी दी कि कल गुरुवार को चजानकीबाग क्षेत्र में सुबह 6:00 बजे से सामूहिक श्रमदान से सरस्वतिया नदी सफाई का कार्य किया जाना है, इसमें जो लोग स्वैच्छिक रूप से भाग लेना चाहते हैं वे सहभागिता निभा सकते हैं।









