दानरो नदी में कचरा फेंकने एवं जलाने पर जताई नाराजगी, कचरा प्रबंधन व्यवस्था को शीघ्र सुदृढ़ करने के दिए निर्देश
![]()
सदास्मृत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा ने आज दानरो नदी में फेंके जा रहे कचरे की स्थिति का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नदी के विभिन्न हिस्सों में बड़े पैमाने पर कचरा अवैज्ञानिक एवं लापरवाहीपूर्ण तरीके से फेंका हुआ पाया गया। साथ ही कई स्थानों पर कचरे में आग लगी हुई थी। जिससे धुआँ निकल रहा था और आसपास के वातावरण में प्रदूषण फैलने की आशंका बनी हुई थी।
उपायुक्त ने इस स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि दानरो नदी एवं उसके आसपास किसी भी परिस्थिति में कचरा न फेंका जाए। उन्होंने कहा कि नदी को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने सुखबाना स्थित कचरा प्रबंधन हेतु चिन्हित स्थल का भी जायजा लिया। स्थल निरीक्षण के उपरांत उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद सुशील कुमार को निर्देशित किया कि नगर क्षेत्र से निकलने वाले समस्त कचरे को निर्धारित कचरा प्रबंधन स्थल पर ही डंप किया जाए तथा उसके वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था यथाशीघ्र सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त ने कहा कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कचरा प्रबंधन प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कचरे के निष्पादन की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि वे स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण में सहयोग करें तथा नदी, नालों एवं सार्वजनिक स्थलों पर कचरा फेंकने से बचें।









