80-गढ़वा में एक दिन में 3227 नए मतदाताओं की हुई मैपिंग
गढ़वा विधानसभा में 82.09 प्रतिशत पहुंची मैपिंग
![]()
सदास्मृत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के तहत जिले में मतदाताओं की मैपिंग का कार्य तेजी से जारी है। शनिवार को आयोजित विशेष शिविरों के दौरान गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में 3227 नए मतदाताओं की मैपिंग की गई। इसी प्रकार भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में भी मैपिंग प्रतिशत बढ़ा। इसके साथ ही जिले में मैपिंग का प्रतिशत लगातार बढ़ रहा है।
उप निर्वाचन पदाधिकारी सह सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि रविवार को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए गयें तथा बीएलओ अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहे। रविवार को हुई मैपिंग के आंकड़े एक दिन बाद यानि सोमवार को अपडेट होंगे। लगातार प्रयासों के बावजूद भी जिन मतदाताओं की मैपिंग अब तक नहीं हो सकी है, वे अतिशीघ्र अपने बीएलओ से संपर्क करें।
अनुपस्थित बीएलओ पर होगी कार्रवाई: उन्होंने बताया कि कुछ स्थानों से बीएलओ के अनुपस्थित रहने की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। ऐसे मामलों में संबंधित कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है तथा संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। संजय कुमार ने सभी बीएलओ पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के बीएलओ के साथ सतत संपर्क बनाए रखें तथा यह सुनिश्चित करें कि एसआईआर जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
मतदान केंद्र वाले विद्यालय परिसर रविवार को भी खुले रहे: विशेष शिविरों के सुचारू संचालन को देखते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक को निर्देश दिया गया था कि रविवार होने के बावजूद उन सभी विद्यालयों को खुला रखा जाए जहां मतदान केंद्र स्थापित हैं। इससे मतदाताओं को मैपिंग संबंधी कार्यों में किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुयी।
मतदाताओं से सहयोग की अपील: उप निर्वाचन पदाधिकारी ने राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों, बीएलए तथा जागरूक नागरिकों से भी अपील की कि वे अधिक से अधिक मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण संबंधी त्रुटि रहित जानकारी प्रदान करते रहें।
उन्होंने दोबारा स्पष्ट किया कि केवल मैपिंग नहीं होने के आधार पर किसी मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा। फिर भी भविष्य में अनावश्यक औपचारिकताओं एवं भागदौड़ से बचने के लिए सभी मतदाता समय रहते अपनी मैपिंग अवश्य करा लें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनसहयोग और प्रशासनिक प्रयासों से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाया जाएगा तथा मतदाता सूची को और अधिक शुद्ध एवं अद्यतन किया जा सकेगा।









