“आपन सरस्वतिया” अभियान के 20वें दिन भी जारी रहा नदी सफाई एवं डी-सिल्टिंग कार्य

“आपन सरस्वतिया” अभियान के 20वें दिन भी जारी रहा नदी सफाई एवं डी-सिल्टिंग कार्य

बारिश से पूर्व ही नदी की अधिकतम सफाई कर लेने की योजना



सदास्मृत आशुतोष रंजन

प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा


गढ़वा : जनसहभागिता एवं प्रशासनिक सहयोग से संचालित “आपन सरस्वतिया” अभियान के तहत शनिवार को लगातार 20वें दिन भी सरस्वतिया नदी की सफाई, डी-सिल्टिंग एवं जनजागरूकता कार्यक्रम जारी रहा। आज का अभियान टाउन हॉल के पीछे, प्रखंड कार्यालय के सामने तथा वार्ड संख्या 6 के नदी क्षेत्र के अलावा मेराल प्रखंड में भी में चलाया गया। जहां नदी के प्रवाह को सुचारू बनाने एवं स्वच्छता बनाए रखने की दिशा में व्यापक कार्य किया गया।

डी-सिल्टिंग एवं स्वच्छता कार्य को मिली गति: अभियान के दौरान नदी में जमा गाद, कूड़ा-कचरा एवं अन्य अवरोधों को हटाने का कार्य किया गया। साथ ही नदी के किनारों की सफाई कर जल प्रवाह को बेहतर बनाने का प्रयास किया गया। स्थानीय नागरिकों ने भी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई तथा नदी संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव हुईं शामिल: शनिवार के अभियान में जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव निभा रंजना लकड़ा तथा एक दर्जन से अधिक पीएलवी सदस्य भी शामिल हुए। उन्होंने नदी तट पर पहुंचकर अभियान की जमीनी स्थिति का अवलोकन किया तथा नदी स्वच्छता एवं जन जागरूकता कार्यक्रम में सहभागिता की पेशकश की।

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार से जुड़े सभी सदस्यों ने नदी स्वच्छता एवं जन जागरूकता से संबंधित गतिविधियों में सहयोग करने तथा समय-समय पर अभियान में भागीदारी सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई।

सामाजिक कार्यकर्ताओं की हुई सराहना: जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव ने नदी तट का निरीक्षण करने के बाद “आपन सरस्वतिया” अभियान से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों एवं स्थानीय नागरिकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से चल रहा यह अभियान समाज में सकारात्मक संदेश दे रहा है तथा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक प्रेरणादायी उदाहरण बन रहा है।

नए लोग भी जुड़ रहे हैं अभियान से: अभियान के दौरान संतोष केशरी, राकेश पाल सहित कई नए सदस्य भी “आपन सरस्वतिया” अभियान से जुड़े और नदी संरक्षण के इस जनअभियान में अपनी भागीदारी दर्ज कराई। वहीं गढ़वा व्यवसायी संघ तथा समाजसेवी विकास माली का नियमित सहयोग भी अभियान को निरंतर मजबूती प्रदान कर रहा है।

जनआंदोलन का रूप ले रहा है अभियान: अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने कहा कि पिछले 20 दिनों से निरंतर चल रहा यह अभियान अब जनआंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर चुका है। समाज के विभिन्न वर्गों, सामाजिक संगठनों, व्यवसायियों, युवाओं तथा संस्थाओं का लगातार बढ़ता सहयोग इस बात का प्रमाण है कि लोग अपनी प्राकृतिक धरोहर के संरक्षण के प्रति गंभीर हैं।

उन्होंने अभियान में सहयोग करने वाले सभी व्यक्तियों एवं संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मानसून को देखते हुए नदी की सफाई एवं डी-सिल्टिंग कार्य को और गति दी जा रही है, ताकि बरसात के दौरान जल प्रवाह सुचारू बना रहे और शहर को इसका अधिकतम लाभ मिल सके।
मानसून से पहले कार्य पूरा करने पर जोर

मानसून से पूर्व ज्यादातर कार्य निपटाने की योजना: अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि मानसून के आगमन को देखते हुए नदी सफाई एवं डी-सिल्टिंग कार्य में तेजी लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि शहर के समाजसेवियों द्वारा रविवार को अभियान में और अधिक जेसीबी मशीनों के लगने की संभावना है, ताकि शेष कार्यों को शीघ्रता से पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि एक बार नदी में पर्याप्त जलभराव हो जाने के बाद डी-सिल्टिंग एवं नदी तल की सफाई का कार्य वर्तमान स्तर पर कर पाना संभव नहीं होगा। इसी कारण मानसून पूर्व अधिकतम कार्य निष्पादित करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अभी तक समाज के विभिन्न वर्गों के सहयोग से अभियान को निरंतर गति मिली है और आने वाले दिनों में भी जनसहभागिता के बल पर नदी के अधिक से अधिक हिस्सों को साफ एवं अवरोधमुक्त करने का प्रयास जारी रहेगा।

Tags

About Author

Follow Us On Social Media