राख खा रहा था सिक्का गांव का एक पूरा परिवार!

राख खा रहा था सिक्का गांव का एक पूरा परिवार!

पलामू में रहस्यमय बीमारी से एक परिवार के पांच लोगों की मौत



सदास्मृत आशुतोष रंजन

प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा

 

गढ़वा : पलामू जिले के पड़वा प्रखंड के सिक्का गांव में रहस्यमय बीमारी से पिछले 10 दिनों में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। सिक्का के रहने वाले कुलदीप महतो की सबसे पहले 19 जून को मौत हुई। उनकी बेटी बबिता कुमारी की मौत 20 जून को हुई। इसके बाद उनकी दूसरी बेटी इंदु कुमारी की 26 जून को, बहू श्वेता कुमारी की 28 जून को और बेटे नकुल महतो की 29 जून को मौत हो गई।

बहू श्वेता कुमारी और बेटा नकुल महतो की मौत रिम्स में हुई है। जबकि कुलदीप महतो की पत्नी लाखो देवी, एक बेटा और पोता इलाज के लिए रिम्स में भर्ती हैं। दरअसल, पूरा परिवार रहस्यमय बीमारी की चपेट में है। परिवार के लोगों का शरीर सूज रहा है और बाद में उनकी मौत हो जा रही है। शुरुआत के तीन मृतकों के शव का पोस्टमार्टम मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में करवाया गया। सभी मृतकों के विसरा के नमूने सुरक्षित रख लिए गए हैं। उन्हें अभी तक एफएसएल जांच के लिए नहीं भेजा गया है।

लंबे समय से पूरा परिवार खा रहा था राख

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इस मामले की जांच की। जिसमें अब तक कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। कुलदीप महतो और उनका पूरा परिवार बीमार होने के बाद झाड़-फूंक का सहारा ले रहा था। कुलदीप महतो और उनकी बेटी बबिता कुमारी की मौत के बाद पूरा परिवार इलाज के बहाने झाड़-फूंक करवाने चला गया था। पूरा परिवार लेस्लीगंज के पूर्णाडीह इलाके में झाड़ फूंक करवा रहा था। इस दौरान लोग लंबे समय से राख खा रहा था। स्वास्थ्य विभाग की टीम फिर से सिक्का गांव और पूर्णाडीह पहुंची है और उस राख को कलेक्ट कर रही है, जिसे परिवार खा रहा था।

परिवार को इलाज के लिए चार बार रेस्क्यू किया गया। लेकिन वे झाड़ फूंक का सहारा ले रहे थे। जांच में राख खाने की भी बात सामने आई है, जिसके सैंपल कलेक्ट किए जा रहे हैं। उनके खान-पान के बारे में जानकारी जुटाने के लिए दोनों गांव में टीमें भेजी गई हैं। इस पूरी घटना पर एक डिटेल रिपोर्ट तैयार की जा रही है- डॉ अनिल कुमार श्रीवास्तव, सिविल सर्जन, पलामू

पाटन प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी श्रवण कुमार ने बताया कि रिम्स में पांचवीं मौत हुई है। राख खाने की बात सामने आई है। टीम के साथ वे खुद गांव पहुंचे हैं और खान-पान के बारे में जानकारी ले रहे हैं।

वहीं, मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के डॉ आरके रंजन ने बताया कि सभी मृतकों के विसरा को सुरक्षित रखा गया है। पुलिस इसे जांच के लिए भेजेगी। आशंका है कि ड्रॉप्सी की बीमारी है, परिवार वाले जिस सरसों तेल का सेवन कर रहे हैं, उसकी भी जांच होनी चाहिए।

Tags

About Author

Follow Us On Social Media