किसानों को मिलेगा धान का समय पर एकमुश्त भुगतान
पैक्स व मिलरों को नियमों के पालन के सख्त निर्देश, अनियमितता पर होगी कड़ी कार्रवाई : उपायुक्त
सदर से लेकर ग्रामीण प्रखंडों तक धान अधिप्राप्ति व्यवस्था सुदृढ़ : उपायुक्त
किसानों की सुविधा के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध : उपायुक्त
![]()
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : दिनांक 15 दिसंबर 2025 को उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी दिनेश कुमार यादव द्वारा गढ़वा जिला अंतर्गत धान अधिप्राप्ति योजना 2025–26 के तहत गढ़वा सदर प्रखंड के दुबे मरहटिया पैक्स में स्थापित धान अधिप्राप्ति केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया गया।
उद्घाटन के अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप इस वर्ष किसानों से निर्बाध, पारदर्शी एवं सुचारू रूप से धान की अधिप्राप्ति की जाएगी। किसानों को उनके धान का समय पर एवं एकमुश्त भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि जिले में किसानों को ₹2450 प्रति क्विंटल की दर से धान का भुगतान किया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि पैक्स से संबद्ध मिलरों द्वारा धान अधिप्राप्ति के साथ-साथ धान का समयबद्ध उठाव भी कराया जाएगा। ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने सभी पैक्स संचालकों एवं मिलरों को विभागीय दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया। किसी भी प्रकार की अनियमितता या गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर पैक्स प्रांगण में गढ़वा विधायक प्रतिनिधि विवेकानंद तिवारी, मरहटिया पैक्स के अध्यक्ष, पंचायत की मुखिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण किसान उपस्थित रहे। साथ ही जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, जनसेवक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी भी मौजूद रहे।
जिले में कुल 52 धान अधिप्राप्ति केंद्र, पहले दिन 726 क्विंटल धान की खरीद: उपायुक्त ने बताया कि जिले में कुल 52 धान अधिप्राप्ति केंद्र संचालित किए गए हैं। आज प्रथम दिन 7 किसानों से कुल 726 क्विंटल धान की खरीदारी की गई, जिससे किसानों में उत्साह देखा गया।
जिले के सभी प्रखंडों में धान अधिप्राप्ति प्रारंभ: इसी क्रम में आज से पूरे जिले में धान अधिप्राप्ति का कार्य विधिवत प्रारंभ कर दिया गया है। जिले के कल्याणपुर, जाटा, सोनेहारा, धुरकी, करचाली, लोहारगड़ा, कांडी, खरौंधा, तिलदाग, नगर उंटारी, खुटिया, रमकंडा का रक्सी, रंका सहित अन्य पैक्सों में किसानों से धान की अधिप्राप्ति शुरू कर दी गई है। इससे किसानों को अपने नजदीकी पैक्स पर धान विक्रय की सुविधा प्राप्त होगी।
हलिवंता पैक्स, नगर उंटारी में भी अधिप्राप्ति केंद्र का उद्घाटन: इसी क्रम में नगर उंटारी प्रखंड अंतर्गत हलिवंता पैक्स में धान अधिप्राप्ति केंद्र का उद्घाटन भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनंत प्रताप देव सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर पैक्स अध्यक्ष, पैक्स प्रबंधक, कार्यकारिणी समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन द्वारा किसानों से अपील की गई है कि वे निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप अपना धान अधिप्राप्ति केंद्रों पर लाकर विक्रय करें। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित पैक्स, प्रखंड अथवा जिला स्तरीय अधिकारियों से संपर्क करें। जिला प्रशासन किसानों के हित में धान अधिप्राप्ति की प्रक्रिया को सफल, पारदर्शी एवं सुचारू बनाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।







