अगले माह होगा गढ़वा सदर व कांडी प्रखंड प्रमुख का निर्वाचन

अगले माह होगा गढ़वा सदर व कांडी प्रखंड प्रमुख का निर्वाचन

गढ़वा पंचायत समिति प्रमुख का चुनाव 8 जनवरी, जबकि कांडी का 19 जनवरी को



दिवंगत आशुतोष रंजन

प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा


गढ़वा : गढ़वा सदर प्रखंड एवं कांडी प्रखंड में प्रमुख पद की चल रही रिक्ति के विरुद्ध दोनों प्रखंडों में पंचायत समिति के प्रमुख पद के अप्रत्यक्ष निर्वाचन हेतु कार्यक्रम तय कर दिया गया है। इन दोनों प्रखंडों के प्रमुख पद के चुनाव के लिए सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार को अध्यक्ष-सह-निर्वाची पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।

गढ़वा सदर प्रखंड प्रमुख निर्वाचन के लिए गढ़वा सीओ मोहम्मद सफी आलम को सहायक निर्वाची पदाधिकारी नामित किया गया है। जबकि कांडी प्रखंड के लिए अंचल अधिकारी कांडी राकेश सहाय सहायक निर्वाची पदाधिकारी के रूप में कार्य करेंगे।

निर्वाची पदाधिकारी सह सदर एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि पंचायत समिति, गढ़वा सदर के प्रमुख पद के चुनाव हेतु बैठक की तिथि 8 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है। जिसकी सूचना 24 दिसंबर 2025 को निर्गत की जाएगी। वहीं, कांडी पंचायत समिति प्रमुख के अप्रत्यक्ष निर्वाचन के लिए सूचना 5 जनवरी 2026 को जारी की जाएगी तथा बैठक 19 जनवरी 2026 को आयोजित होगी।

दोनों प्रखंडों में यह बैठक संबंधित प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित की जाएगी। उक्त बैठक के दौरान ही नाम निर्देशन, मतदान, मतगणना एवं निर्वाचन की घोषणा से संबंधित समस्त प्रक्रियाएं संपन्न कराई जाएंगी। उल्लेखनीय है कि गढ़वा सदर एवं कांडी दोनों प्रखंडों में पंचायत समिति प्रमुख का पद अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के उपरांत रिक्त चल रहा है।

कांडी में तीन में से केवल एक प्रमुख ने किया कार्यकाल पूरा: अब तक पंचायत के तीन आम चुनाव कराए गए हैं। इनमें से कांडी में केवल एक प्रखंड प्रमुख ने अपना कार्यकाल पूरा किया है। शेष दो प्रमुखों को बीच में ही अपना पद छोड़ना पड़ा है। 2022 के पंचायती आम चुनाव में प्रखंड प्रमुख के रूप में सत्येंद्र कुमार पांडेय का चुनाव हुआ था। लेकिन 18 महीने के बाद ही 4 जनवरी 2025 को उनके विरुद्ध 16 पंचायत समिति सदस्यों ने अविश्वास का प्रस्ताव पेश कर दिया। अविश्वास प्रस्ताव पर 18 जनवरी 2025 को अनुमंडल कार्यालय गढ़वा में मतदान कराया गया। जिसमें 18 – 0 से अविश्वास प्रस्ताव पारित हो गया। जिसका नतीजा हुआ कि उप प्रमुख नारायण यादव को प्रमुख का प्रभार दिया गया। प्रमुख का पद अभी तक खाली पड़ा है। जिसके लिए 19 जनवरी 2026 को चुनाव की तारीख घोषित की गई है। बताते चलें कि पंचायत का पहला आम चुनाव 2010 में कराया गया था। उस समय सीता देवी बतौर प्रमुख चुनी गई थीं। सीता देवी ने अपना कार्यकाल पूरा किया है। दूसरा आम चुनाव 2015 में कराया गया था। इस बार ज्ञांति देवी प्रमुख चुनी गईं। एक मत रद्द हो जाने से मतदान टाई होने से बच गया था। पराजित उम्मीदवार नीतू पांडेय ने चुनाव के विरुद्ध आपत्ति दर्ज करा दी। जांच होने पर रद्द किए गए मत को वैलिड करार दिया गया। नतीजा हुआ कि नीतू पांडेय बतौर प्रमुख निर्वाचित घोषित की गईं। इतिहास ने एक बार पुन: अपने को दुहराया। जब तीसरी बार प्रमुख चुने गए सत्येंद्र कुमार पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव पारित हो गया। जिसे लेकर चुनाव कराया जाना है। इधर चुनाव को लेकर बिंदास न्यूज से चर्चा करते हुए सत्येंद्र कुमार पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय ने कहा कि इस बार उनका निर्विरोध चुनाव होगा। वैसे प्रखंड क्षेत्र में यह चर्चा जोर पकड़ रही है कि कई पंचायत समिति सदस्य अभी से ही भूमिगत हो गए हैं। जिनसे संपर्क की भी कोशिश की जा रही है। इस स्थिति में ऊंट किस करवट बैठेगा कहा नहीं जा सकता।

Tags

About Author

Ashutosh Ranjan

Follow Us On Social Media