10 दिसंबर को श्री हनुमत ध्वज के अधिष्ठापन के साथ महायज्ञ की तैयारी तेज
मकर संक्रांति को कुटिया प्रवेश के साथ 8 मार्च से 16 मार्च 2026 तक चलेगा यज्ञ
![]()
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : जिला मुख्यालय गढ़वा के पड़ोस में स्थित जागृति युवा क्लब जोबरइया के तत्वावधान में पर्यटन स्थल बंडा पहाड़ की तलहटी व श्री नीलकंठ महादेव मंदिर के प्रांगण में श्री रुद्र महायज्ञ का विराट आयोजन किया जा रहा है। शनिवार को मंदिर प्रांगण में यज्ञाधीश आचार्य आशीष वैद्य ने एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि शहर से मात्र 3 किलोमीटर की दूरी पर बंडा पहाड़ एक तीर्थ स्थल के रूप में अवस्थित है। जहां 68 सालों पूर्व 1957 से मेला लगा करता है। जागृति युवा क्लब के द्वारा लुप्त होते जा रहे तीर्थ की महिमा को दिनानुदीन महान स्वरूप प्रदान किया जा रहा है। धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ इस क्लब के द्वारा पिछले 8 वर्षों से लगातार रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाता है। जो पीड़ित मानवता के लिए किसी वरदान से कम नहीं। इसके साथ ही दूर-दूर तक फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया है। यह क्लब के साथ-साथ कदम से कदम मिलाकर निकट के गांव की मेहनतकश जनता के करतब का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह तपस्वियों का स्थान रहा है। यज्ञ के ऊपर प्रकाश डालते हुए आचार्य आशीष वैद्य ने कहा कि महायज्ञ के आयोजन के लिए 10 दिसंबर 2025 को विहित मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हनुमत ध्वज का अधिष्ठापन किया गया है। उसी के साथ यज्ञ के कार्यक्रम प्रारंभ कर दिए गए हैं। सनातन का झंडा लहराते हुए इस महायज्ञ की जोर-जोर से तैयारी चल रही है। उन्होंने जिला मुख्यालय के साथ-साथ अन्य गांवों एवं शहर के लोगों से तन मन धन से सहयोग की अपील की है। कहा कि मकर संक्रांति 14 जनवरी को बाइक एवं चार पहिया सवारों के साथ धर्म ध्वजा, बाजा गाजा व देवशक्तियों के जयकारा के साथ नगर भ्रमण करने के बाद यज्ञाधीश का कुटिया प्रवेश होगा। महायज्ञ के लिए 40 × 40 फीट आकार का पांच तल्ले की यज्ञशाला का निर्माण किया जा रहा है। यज्ञ के दौरान 21 याज्ञिक ब्राह्मणों की टोली का यज्ञाचार्य स्कंद शास्त्री नेतृत्व करेंगे। जबकि अयोध्या के पंडित पंकज पांडेय के द्वारा संगीतमय शैली में श्री राम कथा प्रस्तुत की जाएगी। जो यज्ञ स्थल पर श्रद्धालु नहीं पधार सकेंगे उसके लिए एक धार्मिक चैनल पर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। जिसे लोग घर बैठे देख सकते हैं। इस दौरान सत्संग झांकी भी निकाली जाएगी। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए महायज्ञ कमेटी के संयोजक युवा व प्रसिद्ध समाजसेवी राकेश पाल ने भी शहर के लोगों से इस महायज्ञ में तन मन धन से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि महायज्ञ को सफल बनाने के लिए जागृति युवा क्लब अथक परिश्रम कर रहा है। जिससे स्पष्ट होता है कि यह महायज्ञ उत्तम सफलता के साथ संपन्न होगा इसमें लाखों की संख्या में श्रद्धालु सज्जन एवं माताएं बहनें भाग लेंगे। जिसके लिए यज्ञ कमेटी के साथ-साथ क्लब एवं यहां के ग्रामीणों को तन मन धन से मेहनत करना होगा। उन्होंने क्लब के सदस्यों की सराहनीय भूमिका के लिए धन्यवाद दिया। ऐतिहासिक गढ़ देवी मंदिर कमेटी के सचिव विनोद जायसवाल ने कहा कि बंडा पहाड़ एक पौराणिक स्थल है। जिसे इस क्षेत्र के कई पीढ़ियां एक धार्मिक स्थल के रूप में पूजती रही हैं। पर्यटन विभाग ने भी इसे डी श्रेणी के पर्यटन स्थल में शामिल किया है। अब हम लोगों का कर्तव्य बनता है कि इस स्थल को विकसित करें। उन्होंने महायज्ञ के दौरान अधिक से अधिक संख्या में लोगों से आने एवं तन मन धन से सहयोग करने की अपील की है। जागृति युवा क्लब के अध्यक्ष जितेंद्र पाल ने भी कहा कि क्लब लगातार इस स्थल के विकास के लिए प्रयत्नशील रहता है। जिसमें ग्रामीणों से भी अपेक्षित सहयोग मिलता है। उन्होंने कहा कि एग्रीमेंट करने के बाद भी 3 वर्षों से उन लोगों को मंदिर तक पोल तार नहीं लगाया गया। अंत में महायज्ञ के आयोजन को लेकर क्लब के द्वारा ही आपसी सहयोग से बिजली का पोल लगाया गया है। जिस पर तार टांगने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने शहर वासियों से महायज्ञ में सहयोग एवं उनकी भागीदारी की अपील की है। इस मौके पर गढ़वा की नवनिर्वाचित प्रखंड प्रमुख अनीता देवी नवादा पंचायत की मुखिया आशा देवी उनके प्रतिनिधि सुरेंद्र यादव सहित क्लब के सभी पदाधिकारी, सदस्य एवं ग्रामीण उपस्थित थे।








