बीडीओ और कर्मचारी पर चोरी का आरोप
खैरात में खयानत का मामला
![]()
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
डालटनगंज : पलामू जिला के पिपरा प्रखंड में कंबल को लेकर बड़ा बवाल हुआ है। पिपरा प्रखंड के पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीणों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं कर्मचारियों पर कंबल की चोरी का आरोप लगाया है।
दरअसल, पिपरा के प्रखंड विकास पदाधिकारी अपनी गाड़ी से जा रहे थे। इसी क्रम में छतरपुर थाना क्षेत्र के दिनादाग मोड़ पर पिपरा के पंचायत प्रतिनिधि एवं स्थानीय ग्रामीणों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। ग्रामीणों का आरोप था कि प्रखंड विकास पदाधिकारी कंबल की चोरी करके जा रहे थे। इसी क्रम में पिपरा प्रखंड में तैनात किसी अन्य कर्मचारी के बाइक को भी ग्रामीणों ने रोका। प्रखंड विकास पदाधिकारी के गाड़ी से 10 जबकि कर्मचारी के बाइक पर दो कंबल था।
इस दौरान ग्रामीण और जनप्रतिनिधियों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी के गाड़ी की चाबी छीन लिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद छतरपुर थाना की पुलिस पूरे मौके पर पहुंची और मामले में हस्तक्षेप किया। पुलिस की हस्तक्षेप के बाद ग्रामीण और पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी की गाड़ी की चाबी वापस किया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी कुछ दिन पहले भी 10 कंबल लेकर गए थे। जरूरतमंद को बांटने के लिए पंचायत प्रतिनिधि लगातार कंबल की मांग कर रहे थे। प्रखंड विकास पदाधिकारी छुट्टी के दिन कंबल को लेकर बाहर जा रहे थे। इस बात की जानकारी उन्हें मिली थी। जान-बूझकर प्रखंड के बाहरी इलाके में बीडीओ की गाड़ी को रोका गया था। क्षेत्र में रुकने के बाद यह बहाना बनाया जा सकता था कि इलाके में कंबल को बांटना था। जानबूझकर छतरपुर के इलाके में गाड़ी को रोका गया ताकि पूरे मामले का खुलासा हो सके। छुट्टी के दिन प्रखंड विकास पदाधिकारी कंबल को लेकर कहां जा रहे थे वह भी क्षेत्र से बाहर? कार्रवाई के दौरान एक कर्मचारी भी मौके पर पहुंचा था। जिसके पास भी कंबल मौजूद था। -विक्रांत सिंह यादव, प्रखंड प्रमुख, पिपरा।
सरकार से 800 कंबल उपलब्ध करवाया गया था। जिसमें 700 के करीब वितरण हो चुका है। गाड़ी में हर वक्त कंबल मौजूद रहता है ताकि जरूरतमंद को वितरित किया जा सके। छुट्टी के दिन वह बस पकड़ने के लिए छतरपुर जा रहे थे। उनकी गाड़ी को रोका गया था और चाबी भी छीन लिया गया था। पूरे मामले में कानूनी कार्रवाई के पहलुओं पर विचार कर रहे है। – विनय कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, पिपरा।
रोड पर काफी देर तक होता रहा हंगामा: जिस जगह पर प्रखंड विकास पदाधिकारी की गाड़ी को रोका गया था। उस जगह पर काफी देर तक हंगामा हुआ था। हंगामा नेशनल हाईवे 98 के किनारे हुआ था। हंगामा के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी जमा हुए थे। पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले में हस्तक्षेप किया था।








